अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 24 फरवरी को उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का शुभारंभ करेंगे। वहीं, हरियाणा में इस योजना का शुभारंभ मुख्यमंत्री मनोहर लाल खुडाना में आयोजित विकास रैली से करेंगे। डीडीए जसविंद्र सिंह ने बताया कि इस योजना के तहत किसानों के बैंक खातों में तीन किस्तों में 6000 रुपये प्रति वर्ष दिए जाएंगे। किसान के पास पांच एकड़ से कम जमीन होनी चाहिए और आयकर दाता नहीं होना चाहिए। योजना का लाभ केवल पंजीकृत किसान ही ले सकते हैं। जिले में अब तक करीब 60000 किसानों ने पंजीकरण करवाया हैं। मुख्यमंत्री इस कार्यक्रम में अपने हाथों से लाभान्वित 10 किसान को सर्टिफिकेट भी देंगे। किसानों को पहली किस्त के तौर पर दो हजार रुपये की राशि इसी माह उनके खाते में डाल दी जाएगी। जिले में किसानों के फार्म आदि भरवाने का काम जारी है। अब तक जिले में लगभग 65 हजार किसानों ने फार्म भर दिए हैं। इनमें से लगभग 60 हजार फार्म अपलोड भी हो चुके हैं।