अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। शहरवासियों के लिए खुशखबरी है। शहर जल्द ही नए लुक में नजर आने वाला है। इसके लिए नगर परिषद ने खाका भी तैयार कर लिया है। जल्द ही करोड़ों रुपये की लागत से शहर को संवारा जाएगा। इसके तहत शहरी एरिया में लगने वाली सभी सड़कों के साथ दुकानों से लगती जगहों पर नप टाइल लगाकर सड़क बनाएगा। जिससे शहर के दुकानदारों व मुख्य मार्गों के आसपास रहने वाले लोगों को धूल मिट्टी से निजात मिलेगी। फिलहाल शहर के सौंदर्यीकरण के पहले चरण में शहर में नप द्वारा डिवाइडर का निर्माण कराया जा रहा है। जिस पर करीब 24 लाख रुपये की लागत आएगी।
शहर के बीचों बीच से मुख्य रूप से नेशनल हाईवे नंबर 11 जाता है, जो रेवाड़ी रोड को सिंघाना रोड से जोड़ता है। इसके अलावा शहर में महेंद्रगढ़ रोड व निजामपुर रोड भी मुख्य हैं। इसमें रेवाड़ी सिंघाना रोड पर गंदे नाले से होंडा चौक तक करीब एक किलोमीटर का ही डिवाइडर बना हुआ है। वहीं महेंद्रगढ़ रोड पर शहर की सीमा तक डिवाइडर है। जबकि निजामपुर रोड पर डिवाइडर नहीं है। ऐसे में शहर के लोगों को अभी भी सिंघाना रोड, रेवाड़ी रोड व निजामपुर रोड पर डिवाइडर की जरूरत है। जबकि इन सभी रोडों के साथ-साथ कच्चा भी है। इससे दिनभर वाहन चलने से धूूल उड़ती रहती है। नप प्रशासन ने इस धूल मिट्टी को रोकने के लिए एक नई योजना बनाई है। जिसके तहत सड़क के साथ दोनों ओर नप द्वारा टाइल लगाई जाएंगी। इससे सड़क के दोनों ओर पड़ी मिट्टी से लोगों को निजात मिलेगी तथा शहर भी नए लुक में नजर आएगा। इसके लिए नप द्वारा बजट बनाया जा रहा है।
लगाए जाएंगे फूलों के पौधे
शहर के महावीर चौक से रेवाड़ी रोड पर नगर परिषद द्वारा नए डिवाइडर बनाने का काम शुरू किया है। इसके तहत पुराने डिवाइडर को तोड़ने का काम शुरू कर दिया गया है, जो नया डिवाइडर बनेगा वह पुराने डिवाइडर से ऊंचा होगा। वहीं इस डिवाइडर पर डिजाईनदार ग्रिल व बीच में फूलों के पौधे भी लगाए जाएंगे। डिवाइडर इतना ऊंचा बनाया जाएगा कि इस पर पशु चढ़कर नहीं बैठ पाएं। वहीं इसमें सुंदर टाइलों का प्रयोग भी किया जाएगा।
नालों का भी होगा निर्माण
डिवाइडर बनने के साथ-साथ ही इस सड़क के दोनों ओर नगर परिषद द्वारा नालों का भी निर्माण कराया जाएगा। जिस पर भी करीब सात लाख रुपये की लागत आएगी। इन नालों से इस सड़क पर आने वाला बरसाती पानी मुख्य बड़े नाले में चला जाएगा। जिससे सड़क का भी नुकसान नहीं होगा व जलभराव की समस्या से भी निजात मिलेगी।
निजामपुर रोड समेत अन्य रोडों पर डिवाइडर बनाने की उठ चुकी है मांग
शहर में निजामपुर रोड पर करीब डेढ़ माह पूर्व हुए एक हादसे में एक किशोरी की मौत हो गई थी। जिसके बाद शहर में विभिन्न मार्गों पर डिवाइडर बनाने की मांग लोगों ने की थी। इस मामले को लेकर शहर के लोग डीसी से भी मिले थे। जिसके बाद डीसी ने निजामपुर रोड पर डिवाइडर जल्द बनाने का वायदा किया था।
वर्जन
शहर को नए लुक में देने का काम नप ने शुरू कर दिया है। इसके तहत महावीर चौक से रेवाड़ी रोड पर गंदे नाले तक डिवाइडर को नए सिरे से बनाया जा रहा है। इसके अलावा सड़कों के दोनों ओर खाली पड़ी जगहों पर टाइल लगाई जाएंगी, ताकि धूल मिट्टी का शहर में कोई काम नहीं रहे।
- भारती सैनी, चेयरपर्सन, नप, नारनौल।