महेंद्रगढ़। अगर हरियाणा की जनता ने मुझे 2019 के चुनाव में मौका दिया तो प्रदेश के हर नौजवान को रोजगार व हर खेत को नहरी पानी दूंगा। लोकतंत्र सुरक्षा मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कुरुक्षेत्र के सांसद राजकुमार सैनी रविवार को महेंद्रगढ़ हलके के गांव पालडी-पनिहारा में एक विशाल जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वह एसवाईएल का पानी पंजाब के रास्ते की बजाय हिमाचल के रास्ते लेकर आएंगे और वह नहर पंजाब के 150 किलोमीटर की बजाय 54 किलोमीटर की होगी। एक साल में दक्षिण हरियाणा के हर खेत तक नहरी पानी पहुंचा दूंगा।
उन्होंने चौटाला परिवार पर हमला करते हुए कहा कि अभय चौटाला का दादा भी और बाप भी मुख्यमंत्री रहे और पंजाब में उनके भाई बादल भी मुख्यमंत्री थे लेकिन उन्होंने कभी एसवाईएल नहर का निर्माण नहीं करवाया। चौटाला परिवार आज भ्रष्टाचार के कारण ही आज जेल में हैं और आज भी हरियाणा उनकी गुंडागर्दी एवं माला-थैली को नहीं भूला है।
सांसद सैनी ने कांग्रेस पार्टी पर हमला करते हुए सभा में उपस्थित लोगों से पूछा कि क्या कांग्रेस की नेता सोनिया गांधी गांव, किसान, मजदूर, गरीब की समस्या को जानती है। उन्होंने हुड्डा पर हमला बोलते हुए कहा कि लंबी पारी खेलने के चक्कर में पहले तो यूपीए सरकार से जाट आरक्षण दिलवाया और फिर सुप्रीम कोर्ट ने जब जाट आरक्षण खारिज कर दिया तो अपने आदमियों से पूरा हरियाणा जलवा दिया।
सैनी ही ऐसे नेता जो लोगों की इंसाफी के लिए आंदोलन चला रहे हैं : रमेश राव
इस अवसर पर मंच के युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष रमेश राव पायलट ने कहा कि 52 वर्षों में हरियाणा के किसी भी नेता ने हरियाणा की 90 प्रतिशत आबादी के हकों एवं हितों की पैरवी नहीं की। आज अकेले सांसद राजकुमार सैनी ही ऐसे नेता हैं जो हरियाणा की 90 प्रतिशत आबादी के साथ हुई नाइंसाफी के खिलाफ एक बड़ा आंदोलन चला रहे हैं और अगर आपने उन्हें 2019 में मौका दिया तो वो आप के साथ हुए हर नाइंसाफी का पाई-पाई का हिसाब लेगें। पालडी पनिहार की सफल जनसभा का आयोजन युवा नेता मंच के नवनियुक्त युवा जिला अध्यक्ष अमित यादव पालडी ने किया था।
इस अवसर पर वीरेंद्र यादव पालडी, पूर्व सरपंच विधि यादव, गांव के सरपंच रविदत्त , मंच के जिला अध्यक्ष बीर सिंह यादव दत्ताल, एससी मोर्चा के प्रदेश प्रभारी श्री प्यारेलाल कटारिया, पूर्व शैलेंद्र सिंह शैली, रामनिवास पाटौदा समेत लोकतंत्र सुरक्षा मंच के अनेको पदाधिकारी एवं हजारों लोग उपस्थित थे।