बागेश्वर धाम में वारदात के तीन दिन बाद डिप्टी स्पीकर ने किया निरीक्षण
अमर उजाला ब्यूरो
कनीना।
अटेली कीं विधायक एवं डिप्टी स्पीकर संतोष यादव ने बागोत के बागेश्वर धाम मंदिर में वारदात के तीन दिन बाद शनिवार को वहां जाकर निरीक्षण किया और रोशनपुरी महाराज का हालचाल जाना। इस संदर्भ में पुलिस से जुड़े अधिकारियों एवं बागोत, स्याना आदि गांवों के लोगों के साथ बैठक भी की। उन्होंने बताया कि बागोत शिव धाम के चोरों की धरपकड़ के लिए पुलिस ने चार टीमों का गठन किया है और जल्द ही लुटेरों को पकड़ लिया जाएगा।
वहीं डिप्टी स्पीकर संतोष यादव ने शनिवार को गांव धनौंदा में 43 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित विभिन्न विकास कार्यों का उद्घाटन किया। उन्होंने 10 लाख रुपये की लागत से मुख्य रास्ते, 6 लाख रुपये की राशि से निर्मित बाबा दयाल चौक, 12 लाख रुपये से ब्रह्मचारी कृष्णानंद आश्रम मार्ग, 10 लाख रुपये की लागत से शहीद महेश पाल फुटबॉल खेल स्टेडियम की चार दीवारी और गेट का उद्घाटन किया। संतोष यादव ने ग्राम पंचायत द्वारा प्रस्तुत मांगों को स्वीकृति प्रदान करते हुए कहा कि विकास का यह क्रम आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के इतिहास में पहली बार अटेली विधानसभा क्षेत्र में अनेक विकासात्मक योजनाएं चलाकर विकास के मामले में अव्वल बनाने का कार्य सरकार ने किया है।
डिप्टी स्पीकर संतोष यादव ने कहा कि पेयजल मुहैया करवाने के लिए 276 करोड़ रुपये की लागत से गांव भालखी में नहरी पानी पर आधारित बड़ी पेयजल परियोजना की शुरुआत की गई है। कनीना क्षेत्र के लिए भी जल्द ही ऐसी परियोजना की शुरूआत की जाएगी। गांव सुजापुर, भोजावास व सेहलंग में आईटीआई का निर्माण करवाया जा रहा है। कनीना में 50 बेड का अस्पताल बनवाया जा रहा है। अटेली व कनीना क्षेत्र के लिए अलग-अलग फायर सर्विस स्टेशन बनवाए जा रहे हैं। गांव धनौंदा में आयोजित उद्घाटन एवं समारोह में एसडीएम संदीप सिंह इंजीनियर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों के अलावा सूबेदार मुनिलाल शर्मा, चेयरपर्सन सरला देवी, रूपेंद्र सिंह सरपंच धनौंदा, धर्मपाल यादव सरपंच गुढ़ा सहित अनेकों गणमान्य उपस्थित थे।