सड़क दुर्घटना में एक की मौत, देरी से पहुंची पुलिस और एंबुलेंस
फोटो नंबर 22
अमर उजाला ब्यूरो
मंडी अटेली। गांव मिर्जापुर बाछौद के पास हुए सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। किसी काम से इस रूट पर जा रहे पूर्व विधायक ने इस घटना को देखा तो उन्होंने पुलिस और एंबुलेंस के लिए फोन किया। पुलिस व एंबुलेंस दोनों के देरी से पहुंचने पर विधायक ने डीजीपी को भी फोन पर दुर्घटना की जानकारी दी। पुलिस व एंबुलेंस देरी से पहुंचने पर घटना से जुड़े लोगों ने नाराजगी जताई। इसके बाद सदर थाना पुलिस व अटेली दोनों पुलिस कर्मचारी घटना स्थल पर पहुंचे।
गांव राजस्थान के अलवर जिले के घीलोठ निवासी 24 वर्षीय रणधीर पुत्र विजयपाल स्कूटी से दोपहर बाद करीब सवा दो बजे नारनौल से अटेली की ओर आ रहा था कि नारनौल की ओर जा रहे मोटरसाइकिल से भिड़ंत हो गई। मोटरसाइकिल से भिड़ंत से अनियंत्रित होने के बाद स्कूटी एक स्कूल बस की चपेट में आ गई। इससे रणधीर की मौके पर मौत हो गई। मोटरसाइकिल चालक मोटरसाइकल को भगा ले गया। वहीं बस चालक बस को छोड़कर भाग गया।
इस दौरान नारनौल से अटेली की ओर आ रहे पूर्व विधायक नरेश यादव ने घटना की सूचना पुलिस व एंबुलेंस को दी। काफी देर तक पुलिस भी नहीं पहुंची। पूर्व विधायक ने डीजीपी से घटना को अवगत करवाया। उसके कुछ देर बार अटेली व नारनौल दोनों पुलिस मौके पर पहुंच गई। घटना नारनौल क्षेत्र में होने के कारण नारनौल पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल नारनौल ले गई।