गुरमीत राम रहीम केस को लेकर पुलिस अलर्ट
अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। गुरमीत राम रहीम के मामले में 25 अगस्त को आने वाले फैसले को लेकर पुलिस अधीक्षक अनिल धवन ने जिले की पुलिस को अलर्ट कर दिया है। इस दौरान कानून व्यवस्था को बिगाड़ने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। पुलिस अधीक्षक ने क्षेत्र के डेरा प्रेमियों से कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने और कानून अपने हाथ में न लेने की अपील की है।
पुलिस प्रवक्ता नरेश कुमार ने बताया कि डेरा प्रमुख के संबंध में पंचकूला की स्पेशल सीबीआई कोर्ट में 25 अगस्त को यौन शोषण मामले में फैसला सुनाया जाना है। इसको देखते हुए हरियाणा और पंजाब में हाई अलर्ट है। इस वजह से पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार धवन ने महेंद्रगढ़ जिले पुलिस अलर्ट किया है। एसपी ने सभी डीएसपी और एसएचओ को आदेश देते हुए सामाजिक संगठनों से ताल मेल बनाकर शांति व्यवस्था बनाये रखने का आह्वान किया है। उन्होंने लाइसेंस धारक डेरा प्रेमी की पहचान करके उनका असलाह थाने में जमा करवाने के साथ ही सभी थानों की पीसीआर को लगातार 24 घंटे गश्त करने के आदेश दिए हैं।
साइबर टीम रखेगी सोशल नेटवर्क पर नजर
साइबर टीम और पुलिस के आला अधिकारी व्हाट्स एप ग्रुपों और फेसबुक पर नजर रखेगी। यदि किसी व्यक्ति ने डेरा संबंधित कोई भड़काऊ पोस्ट या अफवाह फैलाने की कोशिश की तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा स्कूल संचालकों को भी इस संबंध में आदेश दिए गए हैं कि वे स्कूल की प्राइवेट बसों को इस कार्य के लिए इस्तेमाल न करें।
पुलिस फोर्स रहेगी तैनात
कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए भोंडसी से भी करीब 100 जवानों को बुलाया गया है। जिले के सभी बस स्टैंडों पर एक रिजर्व पुलिस बल तैनात रहेगी।
जिले में आठ जगह लगाए नाके
किसी प्रकार की घटना से निपटने के लिए जिले में आठ जगह नाके लगाए गए हैं। इसमें पहला नाका नीरपुर-नारनौल मार्ग, दूसरा बजाड़-अटेली सड़क मार्ग, तीसरा कोसली टी-प्वाइंट-कनीना मार्ग, चौथा आकोदा चौकी के पास महेंद्रगढ़, पांचवां फैजाबाद चौकी के पास नारनौल, छठा नाका गहली चौकी के पास नारनौल, सातवां नाका निजामपुर बाईपास चौराहा, आठवां नाका निजामपुर चौक पर लगाया गया है। इसके अलावा थानों में एक एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड और क्रेन गाड़ी खड़ी रहेंगी।