न्यू इंडिया के लिए आगामी पांच वर्ष महत्वपूर्ण : डीसी
अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। संकल्प से सिद्धि अभियान के तहत आगामी 25 अगस्त को लघु सचिवालय के नजदीक स्थित सभागार में एक सम्मेलन होगा। इसका आयोजन जिला परिषद करेगी। उपायुक्त राजनारायण कौशिक ने बताया कि 9 अगस्त 1942 को भारत छोड़ो आंदोलन शुरू हुआ था। इसके पांच साल बाद 15 अगस्त 1945 को देश को ब्रिटिश राज से मुक्ति मिली थी। इसी प्रकार न्यू इंडिया बनाने के लिए भी आगामी 5 वर्ष देश के लिए महत्वपूर्ण हैं। इसके लिए इस तरह के कार्यक्रमों में नागरिक देश को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का संकल्प लेंगे। इस सम्मेलन में ग्राम पंचायत, ब्लाक समिति और जिला परिषद के सभी चुने हुए जनप्रतिनिधि, आम नागरिक और संगठन मौजूद रहेंगे।
उन्होंने बताया कि देश के प्रधानमंत्री ने स्वतंत्रता दिवस पर तमाम दलों, सामाजिक संगठनों, शिक्षा संस्थानों, स्थानीय निकायों से अपील की थी कि वे इस मौके पर कोई न कोई संकल्प लें। एक ऐसा संकल्प, जिसमें सबकी भागीदारी हो। इससे अगले पांच सालों में जब देश आजादी की 75वीं सालगिरह मना रहा हो, उस समय न्यू इंडिया का सपना साकार हो। उपायुक्त ने तमाम शिक्षण संस्थाओं और सामाजिक संगठनों से अपील की है कि वो न्यू इंडिया मुद्दे पर चर्चा कराएं और संकल्प से सिद्धि अभियान में सक्रिय होकर भाग लें।