अमर उजाला ब्यूरो
कनीना। गांव सेहलंग के ग्रामीणों ने बीडीपीओ पर सरपंच के साथ साजबाज होकर सीएम विडों की दरखास्त का निपटान करने का आरोप लगाया है। इसके बाद ग्रामीणों ने इसकी शिकायत पुन: सीएम विडों पर की है। ग्रामीण वीरेंद्र सिंह ने शिकायत की प्रति दिखाते हुए कहा कि कनीना खंड के तत्कालीन बीडीपीओ ने ग्राम सरपंच विजयपाल के साथ मिलकर सीएम विडों की शिकायत नंबर 72944 की फर्जी रिपोर्ट तैयार कर शिकायत को रफा-दफा करने की कोशिश की है। बताया कि सेहलंग गांव में 103 पात्र परिवारों को सरकार की योजना के मुताबिक 100-100 वर्ग गज के प्लाट अलाट किए गए थे। इनकी रजिस्ट्री भी हो चुकी है। उन्हें प्लाटों पर कब्जा नहीं दिया गया है। इस बाबत सीएम विडों पर शिकायत की गई थी। पखवाड़े बाद सीएम विडों सेल चंडीगढ़ से शिकायत का स्टेटस पता किया तो मालूम हुआ कि बीडीपीओ की रिपोर्ट के मुताबिक शिकायतकर्ता को खंड विकास कार्यालय बुलाया गया जो नहीं आया। इस रिपोर्ट को लेकर वीरेंद्र सिंह ने एतराज जताया कि उन्हें ऐसी कोई सूचना नहीं दी गई। मर्जी से रिपोर्ट तैयार कर दी गई। इस बारे में सरपंच विजयपाल ने कहा कि जिस जगह प्लाट काटे जाने थे, वहां पर जलघर और खेल स्टेडियम का निर्माण कराया गया है। प्लाटों के लिए दूसरी जगह स्वीकृत कराकर नई ततीमा रजिस्ट्री कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि ततीमा रजिस्ट्री के लिए प्रस्ताव भेजा गया है।