केंद्रीय मंत्री ने कोरियावास में किया मूर्ति का अनावरण
अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने शुक्रवार को गांव कोरियावास में बलवंत सिंह नंबरदार द्वारा बनाए गए हनुमान मंदिर में मूर्ति का अनावरण किया। इस मौके पर राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि धर्म समाज को सही राह पर चलने का मार्गदर्शन करता है। धर्म केवल दिखावे के लिए नहीं बल्कि जीवन में सही बातों का उसका अनुसरण करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि हमें अपने बुजुर्गों व माता-पिता की सेवा करनी चाहिए। हम जिन संस्कारों पर चलेंगे उन्हीं संस्कारों पर हमारी आने वाली पीढ़ियां भी चलेंगी। माता-पिता की सेवा ही सबसे बड़ी मेवा है। यह हमारी परंपरा रही है कि बुजुर्गों का हमेशा सम्मान किया जाता है। उन्होंने कहा कि हमें विदेशी संस्कृति से दूर रहना चाहिए। हमारी जो पुरानी परंपरा व सभ्यता है वह विश्व में सर्वोपरि है। इस मौके पर कोसली के विधायक विक्रम सिंह यादव, नांगल चौधरी के विधायक डा. अभय सिंह, नारनौल के विधायक ओमप्रकाश यादव, जिला प्रमुख राजेश देवी, बीजेपी जिला प्रधान शिव कुमार मेहता, मनीष मित्तल, कंवर सिंह यादव, सतबीर बडेसरा व शिवचरण तथा गांव के सरपंच राजाराम मौजूद थे।