अमर उजाला ब्यूरो
कनीना। नगरपालिका के सचिव राजाराम और नपा इंजीनियर चमन लाल को कार्यों में अनियमितताएं बरतने तथा ड्यूटी में कोताही बरतने के आरोप में शहरी स्थानीय निकाय हरियाणा के प्रधान सचिव आनंद मोहन शरण ने तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। निलंबन आदेश में अनुशासन हीनता भी मानी गई है जिसके चलते पत्र क्रमांक 2सी-2,412019 7 फरवरी 2019 जारी कर जिला उपायुक्त सहित आरोपियों को जानकारी भेजी गई है। दिलचस्प बात है कि 7 फरवरी को सस्पेंड होने के बावजूद नपा सचिव राजाराम ने 8 फरवरी को नगर पालिका कार्यालय कनीना में आयोजित बैठक में न केवल हिस्सा लिया बल्कि पूरी कार्रवाई को कार्रवाई बुक में लिखा।
इस बैठक में कस्बे में विकास कार्य करवाए जाने, भवन के नक्शे जल्द लोगों को उपलब्ध कराए जाने, स्ट्रीट लाइटें लगवाए जाने सहित अनेक अहम फैसले लिए गए। सस्पेंशन आदेश के मुताबिक दोनों कर्मचारियों की हाजिरी निदेशक शहरी स्थानीय निकाय मुख्य कार्यालय पंचकूला में लगाए जाने को कहा गया था। राजाराम नपा कार्यालय अटेली में स्थायी रूप से तैनात हैं जबकि कनीना नगर पालिका का अतिरिक्त कार्यभार है।
वर्जन:
नपा सचिव राजाराम और एमई चमन लाल के निलंबन के बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं है।
- सतीश जेलदार, नपा चेयरमैन
कनीना में की गई बैठक कानूनन रूप से सही है। हरियाणा सरकार के प्रधान सचिव की ओर से जारी किए गए निलंबन आदेश उन्हें शनिवार तक नहीं मिले हैं। उन्हें सोशल मीडिया के माध्यम से निलंबित होने की सूचना मिली है।
- राजाराम, सचिव, नपा।
सचिव की ओर से निलंबन के दौरान नपा की बैठक आयोजित की है तो इसकी जांच कराई जाएगी। दोषी पाए जाने पर कार्रवाई जाएगी।
- एसडीएम अभिषेक मीणा।