खुशखबरी : नारनौल से चंडीगढ़ तक बनेगा सिक्स लेन मार्ग
नारनौल। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा दक्षिणी हरियाणा को उत्तरी हरियाणा नारनौल से अंबाला को जोड़ने वाले 6 मार्गी हाईवे के लिए भूमि अर्जन की कार्यवाही प्रारंभ होने के साथ ही महेंद्रगढ़ जिले के विकास का अपार संभावनाओं वाला आधारभूत ढांचा भी अपने अंतिम स्वरूप में प्रवेश कर गया है।
नांगल चौधरी के विधायक डॉ. अभय सिंह यादव ने एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि इस हाईवे के निर्माण के लिए भूमि अर्जन की प्राथमिक अधिसूचना पिछले माह जारी कर दी गई है एवं दूसरी अधिसूचना अर्जन की जाने वाली भूमि के विस्तृत विवरण सहित अगले दो माह में जारी करने के लिए काम तेज गति से जारी है। डॉ. यादव ने कहा कि यह राजमार्ग नारनौल के बनने वाले 24 किलोमीटर लंबे बाईपास से प्रारंभ होकर महेंद्रगढ़ जिले के बीचों बीच नारनौल अटेली एवं महेंद्रगढ़ विधानसभा क्षेत्रों से होता हुआ हरियाणा के दादरी-भिवानी-रोहतक-जींद- कैथल-करनाल एवं कुरुक्षेत्र जिलों से गुजरते हुए 230 किलोमीटर लंबाई तय करके पेहेवा के पास गंगेहड़ी नामक स्थान पर नेशनल हाईवे नंबर 152 से मिलेगा जो अंबाला होता हुआ सीधे चंडीगढ़ से जोड़ेगा।
महेंद्रगढ़ व जींद होगी सबसे ज्यादा लंबाई
इस राजमार्ग की सबसे ज्यादा लंबाई महेंद्रगढ़ व जींद जिले में लगभग 50 किलोमीटर प्रत्येक में होगी और इसकी सबसे कम लंबाई भिवानी जिले से गुजरेगी जो केवल 5 किलोमीटर होगी। इस राजमार्ग की एक विशेषता यह होगी कि प्रत्येक जिले के मुख्य सड़क मार्गों से इसका जुड़ाव होगा ताकि इस मार्ग का अधिकतम उपयोग हो सके। पनियाला मोड़ से नारनौल तक बनने वाला 6 मार्गी राष्ट्रीय राजमार्ग भी इसी राजमार्ग का हिस्सा बनेगा। यह पूर्णरूप से ग्रीनफील्ड नया राजमार्ग होगा अर्थात 230 किलोमीटर की लम्बाई में नई भूमि अधिग्रहण होगा।
चार घंटे में पहुंच जाएंगे चंडीगढ़
यह लगभग सीधी रेखा में होगा इसी वजह से नारनौल से चंडीगढ़ का रास्ता यह मार्ग बनने के बाद कार से लगभग चार घंटे में तय हो जाएगा। वर्तमान अनुमान के अनुसार यह राजमार्ग अगले 3 से 4 साल में बनकर तैयार हो जाएगा।