सतनाली में बिछेगी सीवरेज लाइन, विभाग ने भेजा प्रस्ताव
महेंद्रगढ़। उपमंडल के गांव सतानाली के ग्रामीणों को जल्द ही सीवरेज लाइन की सुविधा मिलेगी। जिला प्रशासन एवं सरकार की ओर से इसकी प्रक्रिया शुरू कर दी है। 10 करोड़ 60 लाख 78 हजार रुपये से डाली जाने वाली सीवरेज लाइन का जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने एस्टिमेट बनाकर भेज दिया है। विभाग के अनुसार एक महीने में अप्रूवल आने की संभावना है। सीवरेज लाइन डाले जाने के बाद सतनाली गांव के लगभग 18 हजार ग्रामीणों को फायदा होगा। सरकार की इस योजना का ग्रामीणों तथा सामाजिक संगठनों ने इसका स्वागत किया है।
आपको बता दें कि सरकार द्वारा महा ग्राम योजना चलाई जा रही है। इस योजना के तहत गांवों में सीवरेज लाइन डाली जाएगी। सरकार ने प्रथम चरण में प्रदेश के दस हजार से अधिक आबादी वाले गांवों को इस योजना में शामिल किया गया है। महेंद्रगढ़ जिले में एक मात्र गांव सतनाली को इस योजना में शामिल किया गया है। सीवरेज लाइन बिछने के बाद गांव के विभिन्न स्थानों पर भरे जाने वाले दूषित पानी से मुक्ति मिलेगी। इसके अलावा नालियों एवं बरसात के पानी का निकास भी होगा।
आपको बता दें कि जिले के सभी शहर एवं कस्बों में सीवरेज लाइन पहली ही डाली जा चुकी हैं। 2011 की जनगणना के अनुसार सतनाली ही एक मात्र गांव है जिसकी जनसंख्या दस हजार से अधिक है। वर्तमान में जिले में दस हजार से अधिक आबादी वाले एक दर्जन से गांव हैं। किंतु आंकड़ों से पता चलता है कि 2011 की जनसंख्या अनुसार ही सरकार ने गांवों का चयन किया है। इसी गांव को उप तहसील का दर्जा भी दिया हुआ है।
सरकार द्वारा चलाई जा रही महा ग्राम योजना सराहनीय है। सीवरेज लाइन बिछने के बाद सतनाली के ग्रामीणों को काफी फायदा होगा। नालियों के नाम पर जो झगड़े होते हैं वो भी बंद हो जाएंगे तथा सफाई भी दुरुस्त रहेगी।
- उदय सिंह, सतनाली सरपंच के प्रतिनिधि
--
हम सरकार के इस फैसले का स्वागत करते हैं। सीवरेज लाइन एवं सीएचसी की हमारी पुरानी मांग थी। सरकार ने अब इस पर अपनी मुहर लगा दी है। उम्मीद है कि प्रशासन यह लाइन तरीके से डलवाएगा। इसके अलावा अभी उनकी सीएचसी की मांग अधूरी है। उम्मीद है कि सरकार उसे भी पूूरा करेगी।
- दिवान सिंह शेखावत, प्रधान,सतनाली विकास मंच
सरकार ने सतनाली को सीवरेज लाइन की जो सौगात दी है हम उसका आभार प्रकट करते हैं। उम्मीद है कि जल्द ही सरकार लाइन बिछाने का काम भी पूरा करवाएगी। सीवरेज लाइन बिछ जाने से कस्बे के 18 हजार ग्रामीणों को फायदा होगा।
-गुगन सिंह, प्रधान, ग्रामोत्थान समिति इलाका सतनाली
विकास की दृष्टि से सरकार का यह सराहनीय कदम रहा है। सीवरेज लाइन सतनाली की जरूरत थी जिसको सरकार जल्द ही पूरा करने जा रही है। अगर सरकार इस प्रकार निष्पक्ष तरीके से काम करेगी तो हम उनके साथ हैं। -सवाई सिंह राठोड़
सरकार द्वारा महा ग्राम योजना चलाई जा रही है। इस योजना के तहत दस हजार आबादी वाले गांव में सीवरेज लाइन डाली जानी है। महेंद्रगढ़ जिले से एक मात्र गांव सतनाली को इसमें शामिल किया गया है। विभाग की ओर से सीवरेज लाइन बिछाने का एस्टिमेट बनाकर भेज दिया है। तकनीकी रूप से इसको मंजूरी भी मिल चुकी है।
-राकेश कुमार, एसई, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग