अंडर-11 में हर्ष व अंडर-15 में लक्ष्य विजेता
नारनौल। हरियाणा शतरंज एसोसिएशन की ओर से नारनौल के कुलताजपुर रोड स्थित बीपीएस स्कूल में चल रही एचसीए की 13वीं इंटर जिला शतरंज चैंपियनशिप रविवार को संपन्न हो गई। दो दिवसीय इस प्रतियोगिता में नारनौल, महेंद्रगढ़, भिवानी, चरखी-दादरी व रेवाड़ी समेत 4 से अधिक जिलों के 170 खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। रविवार को सेमीफाइनल व फाइनल मुकाबले कराए गए। अंडर-11 आयुवर्ग में मेजबान जिले के हर्ष गर्ग ने बाजी मारी और अंडर-15 आयुवर्ग में लक्ष्य गर्ग चैंपियन बने। वहीं फाइनल मुकाबले के बाद हुए टाईब्रेकर मुकाबले में अल्का को रिया के खिलाफ शिकस्त झेलनी पड़ी। टाईब्रेकर गेम में नारनौल के विक्रम ने महेंद्रगढ़ के अमित कुमार पर रोमांचक जीत दर्ज की।
---
विजेताओं का जिला टीम में चयन
एचसीए के प्रदेश महासचिव कुलदीप ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विजेता खिलाड़ियों का जिला शतरंज टीम में चयन किया गया। चयनित खिलाड़ी भिवानी में होने वाली एचसीए की राज्यस्तरीय शतरंज प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
- ये रहे विजेता : अंडर-11 आयुवर्ग में हर्ष गर्ग, विकाश यादव, हिमांशु क्रमश: पहले, दूसरे व तीसरे स्थान पर रहे। वहीं अंडर-15 आयुवर्ग में लक्ष्य गर्ग, मुकुल, साहिल यादव ने पहला, दूसरा व तीसरा स्थान हासिल किया। ओपन वर्ग में दिलावर, विक्रम व अमित कुमार विजेता रहे।
- लड़कियों के अंडर-11 आयुवर्ग में रिया, अल्का, श्रुति और अंडर-15 आयु वर्ग में हिमांशी तथा ओपन वर्ग में शुभांशी, आकांक्षा क्रमश: प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पर रही।