अमर उजाला ब्यूरो
महेंद्रगढ़।
शहरी सरकार 16 फरवरी को अपना दूसरा आम बजट पेश करेगी। बजट में इस्तीफा दे चुके तीनों पार्षदों को सूचित नहीं किया गया। इस बजट में 14 पार्षद ही हिस्सा ले सकेंगे। जिनमें दो पार्षद सरकार द्वारा बनाए जाने वाले शामिल होंगे। प्रशासन की ओर से तीनों पार्षदों का इस्तीफा स्वीकार हो चुका है किंतु इस्तीफा देने वाले पार्षदों का मानना है कि अभी उनका इस्तीफा मंजूर हुआ या नहीं इसका न तो पालिका की ओर से न ही जिला प्रशासन की ओर से कोई मैसेज आया है।
आपको बता दें कि एक अगस्त 2017 को शहर की नयी सरकार बनी थी। जिसमें शिक्षामंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा के कहने पर सभी पार्षदों ने सर्वसम्मति ने रीना गर्ग को चेयरमैन बनाया था। नगर पालिका की पहली बैठक से तीनों पार्षदों ने अपना विरोध शुरू कर दिया था। पिछले आम बजट सहित अभी तक पांच बैठक हो चुकी हैं जिनमें दो बैठकों की कार्रवाई पर शिकायत हो रखी है। जबकि शेष दो बैठकों के कुछ काम अभी भी अधूरे हैं। शहर के तीन पार्षदों ने नगरपालिका चेयरपर्सन रीना गर्ग एवं उनके पार्षद पति सुरेंद्र बंटी से खींचतान को लेकर 30नवंबर को संयुक्त रूप से जिला उपायुक्त को अपना इस्तीफा सौंप दिया था। जिला उपायुक्त गरिमा मित्तल ने 18 दिसंबर को इस्तीफा स्वीकार कर शहरी निकाय के निदेशक को भेज दिया था। उसके बाद पार्षद ने पुनर्विचार की याचिका दायर की थी उस पर अभी कार्रवाई चल रही है।
हमारे पर इस्तीफा स्वीकार एवं अस्वीकार का कोई मैसेज नहीं है। इस मामले में हम कुछ कह नहीं सकते। अगर जिला उपायुक्त ने सचिव को पत्र के माध्यम से सूचना दी है तो सचिव को हमें बताना चाहिए। इस्तीफा देने वाले पार्षदों का इस्तीफा स्वीकार हो चुका है। अभी हमारे पास उनके पुनर्विचार पर कोई जबाव नहीं आया है। अगर पार्षदों के पास ऐसा कोई दस्तावेज है तो वो दिखा सकते हैं।
- प्रदीप कुमार, सचिव, मार्केट कमेटी।