अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। कांग्रेस विधायक दल की नेता किरण चौधरी ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था का बुरा हाल है। चारों ओर जंगलराज कायम हो गया है। घरों में भी बहन बेटी सुरक्षित नहीं है। रोज महिलाएं डर के साये में जी रही हैं। रेप की बढ़ती घटनाओं से छोटी बच्चियों के अभिभावक भी डरे सहमे हैं। वहीं सरकार के नुमाइंदे इसे आम बात बता रहे हैं। ऐसे में सीएम मनोहरलाल को नैतिकता के आधार पर तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए। कांग्रेस के सत्ता में आते ही बलात्कारियों को प्रदेश से बाहर निकाला जाएगा। वे रविवार को यहां की नई कचहरी मैदान में देवेंद्र यादव हुडिना के आह्वान पर आयोजित हरियाणा बचाओ संघर्ष रैली को संबोधित कर रही थी। रैली को पूर्व मंत्री कप्तान अजय सिंह यादव ने भी संबोधित किया।
किरण चौधरी ने कहा कि प्रदेश में बुरी तरह फेल हुई कानून व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए कांग्रेस पार्टी संघर्ष करेगी। वे विधानसभा में जोर शोर से इस मुद्दे को उठाएंगी। इस मुद्दे को कांग्रेस विधायकों ने हाल ही में राज्यपाल से भी मुलाकात कर प्रदेश की बिगड़ी कानून व्यवस्था के बारे में अवगत कराया है। उन्होंने कहा कि इस लड़ाई को कांग्रेसी विधायक विधानसभा में तथा कार्यकर्ता सड़कों पर लड़ेंगे। यह लड़ाई तब तक जारी रहेगी, जब तक भाजपा सरकार कुर्सी छोड़कर नहीं भाग जाती। अगर सरकार नहीं भागी तो यहां की जनता ने सरकार को भगाने का पूरा मन बना लिया है। उन्होंने कहा कि इतनी घिनौनी हरकतें प्रदेश में कभी भी नहीं हुई हैं। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का नारा देने वाली सरकार में दस दिन में दस से अधिक रेप की घटनाएं हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि जिला महेंद्रगढ़ में चोरी की घटनाएं भी आए दिन बढ़ रही हैं। हाल ही में लाखों लोगों की आस्था के प्रतिक बाघोत धाम पर से डकैतों ने पुजारी को घायल कर लाखों रुपये की डकैती कर ली। वहीं जिले में आये दिन दुकानों में चोरियां हो रही हैं। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार कानूनी, रोजगार के मामले में बुरी तरह फेल है। वहीं इस सरकार के तीन साल के कार्यकाल से किसान, व्यापारी, कर्मचारी सब दुखी हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा राज में महंगाई कई गुणा बढ़ गई है। आज पेट्रोल व डीजल के दाम आसमान छूने लगे हैं। पेट्रो पदार्थों के दाम रोज बढ़ रहे हैं, जबकि सरकार इन पर काबू पाने के लिए कोई ध्यान नहीं दे रही है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल 72 रुपये तथा डीजल 62 रुपये पार कर गया है। जिसके कारण हर चीजें महंगी हो जाएंगी। इससे महंगाई ज्यादा बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि गैस सिलेंडर पर जल्द ही सब्सिडी समाप्त हो जाएगी। जिसके बाद तीन साल पहले 300 रुपये में मिलने वाला सिलेंडर अब 790 रुपये में मिलने लग गया है। उन्होंने कहा कि इस राज में किसान भी खुशहाल नहीं है, अगर किसान ही खुशहाल नहीं रहा तो देश कभी भी तरक्की नहीं कर पाएगा।
सभा को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री कप्तान अजय सिंह यादव ने कहा कि भाजपा सरकार जुमलों की सरकार है। भाजपा का नारा झूठ बोलो राज करो का है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री तीन तलाक व महिलाओं को इज्जत देने की बात करते हैं, मगर उन्होंने कभी अपने आप के बारे में नहीं बताया कि उन्होंने अपने घर में महिलाओं को कहां इज्जत दी। उन्होंने कहा कि झूठ बोलकर सत्ता में आई भाजपा का भ्रम अब खत्म होता जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बच्चियों के साथ रेप की घटनाएं हो रही हैं, जो बहुत ही दुखद हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के सत्ता में आने के बाद 40 लाख रोजगार समाप्त हो गए। एसवाईएल की ओर भी प्रदेश सरकार कोई ध्यान नहीं दे रही। उन्होंने कहा कि जजों को पहली बार इसलिए प्रेस कांफ्रेंस करनी पड़ी क्योंकि उन्हें लग गया कि लोकतंत्र खतरे में है तथा जस्टिस लोहिया को सही न्याय नहीं मिलने वाला। इस मौके पर रैली को पूर्व विधायक नरेश यादव, राधेश्याम शर्मा, चंद्रप्रकाश, कैलाश सोनी, प्रो.रोशनलाल, देवेंद्र यादव हुडिना व अजय शर्मा ने भी संबोधित किया। रैली में सुरेंद्र यादव नंबरदार, राजेंद्र यादव बिल्लू, सुरेंद्र नारनौलिया, राजकुमार यादव नीरपुर व दयाराम यादव एडवोकेट सहित काफी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।