20 बुजुर्गों ने दी परीक्षा
अमर उजाला ब्यूरो
महेंद्रगढ़।
राजकीय माध्यमिक विद्यालय भांडोर नीची में रविवार को साक्षर भारत मिशन ने परीक्षा का आयोजन किया। इस केंद्र में कुल 20 बुजुर्ग परीक्षार्थियों ने भाग लिया। इसमें 16 महिलाएं और चार पुरुष थे। परीक्षा केंद्र अधीक्षक एवं मुख्य अध्यापक ओमप्रकाश यादव ने बताया कि साक्षर भारत मिशन के तहत यह परीक्षा वर्ष में दो बार आयोजित की जाती है। उन्होंने बताया कि पहली परीक्षा मार्च और दूसरी परीक्षा अगस्त माह में की जाती है। परीक्षा सुपरवाइजर बादल यादव पीटीआई थे। उन्होंने बताया कि परीक्षा शांतिपूर्वक ढंग से करवाई गई। इस मौके पर कैलाश चंद, अशोक कुमार सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।