अमर उजाला ब्यूरो
महेंद्रगढ़।
जिला स्तर पर नारनौल के ऑडिटोरियम हॉल में आयोजित बैडमिंटन व स्केटिंग प्रतियोगिता में आरपीएस स्कूल के विद्यार्थियों ने प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय व क्षेत्र का नाम रोशन किया। अब विद्यालय के खिलाड़ी राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। विजेता खिलाड़ियों का स्कूल प्रांगण में पहुंचने पर स्वागत व सम्मान किया गया। इस मौके पर आरपीएस ग्रुप के संस्थापक निदेशक डॉ. ओपी यादव ने बतौर मुख्यातिथि कहा कि खेलों में भी विद्यार्थियों का भविष्य उज्ज्वल है। उन्होंने कहा कि बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ अपने पसंद के खेलों में भी भाग लेना चाहिए। कोच अमित कुमार ने बताया कि 19 आयु वर्ग में आयोजित जिला स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में आरपीएस की टीम प्रथम रही। 17 आयु वर्ग में भी स्कूल की टीम द्वितीय स्थान पर रही। स्केटिंग कोच राकेश कुमार ने बताया कि नारनौल के बीपीएस में आयोजित जिला स्तरीय स्केटिंग प्रतियोगिता के 11 आयु वर्ग में हजार मीटर में हर्ष प्रथम, रोड रेस में सात्विक प्रथम रहा। 14 आयु वर्ग में 300 मीटर स्केटिंग प्रतियोगिता में पृथ्वीराज प्रथम, अंडर 17 आयु वर्ग में आयोजित रोड रेस में राहुल प्रथम रहा। इस अवसर पर प्राचार्या सविता यादव, उप प्राचार्य रविंद्र तंवर, डीन एलएन गौड़, धर्मेश कौशिक बास्केटबॉल कोच धर्मवीर ने सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी।