यदुवंशी में एनडीए का सेमिनार आयोजित
अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। अप्रैल 2017 की एनडीए की लिखित परीक्षा में यदुवंशी के 20 विद्यार्थियों की सफलता की खुशियां साझा करने तथा विद्यालय प्रांगण में चल रही एनडीए के द्वितीय चरण की एसएसबी की तैयारियों को साकार रूप देने के लिए बुधवार को स्कूल में कर्नल लव कुमार ने शिरकत की। इस मौके पर एक सेमिनार हुआ। इसमें उन्होंने विद्यार्थियों को चरित्र निर्माण, आत्मविश्वास, दृढ़ संकल्प, नेतृत्व क्षमता के टिप्स दिए। उन्होंने विद्यालय में चल रही एनडीए के द्वितीय चरण की एसएसबी की तैयारियों का भी जायजा लिया।
उन्होंने कहा कि देश की कई संस्थाओं का भ्रमण किया है, लेकिन यदुवंशी में चल रही एनडीए की तैयारी देश में सर्वश्रेष्ठ है। कहा कि जिस इच्छा शक्ति, लगन, जज्बे और सटीक मार्ग दर्शन की आवश्यकता एनडीए के विद्यार्थियों की तैयारी के लिए होती है, वह इन्हें बखूबी प्रदान करवाई जा रही है। यह सेमिनार तीन घंटे तक चला। विद्यालय के प्रिंसिपल सुभाष यादव ने सेमिनार में बताया कि एनडीए की परीक्षा संघ लोक सेवा आयोग दो चरणों में आयोजित करवाता है। पहले चरण में लिखित परीक्षा होती है, जबकि दूसरे और अंतिम चरण में एसएसबी परीक्षा होती है। एनडीए के प्रथम चरण की परीक्षा में विद्यालय के 20 बच्चों ने सफलता हासिल की है। एसएसबी में भी विद्यालय के चार विद्यार्थियों ने सफलता प्राप्त करके भारतीय सेना में अधिकारी बने हैं