नारनौल। न्यायिक परिसर नारनौल में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश नितिनराज, अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश मैडम वर्षा जैन, मुख्य न्यायिक दण्डाधिकारी विक्रमजीत सिंह व सिविल जज जूनियर डिवीजन मैडम कोपल चौधरी की बेचों ने फैसले किए।
सीजेएम नीलम कुमारी ने बताया कि लोक अदालत में वाहन दुर्घटना मुआवजा केस, वैवाहिक मामले, जमीन अधिग्रहण मुआवजा से संबंधित मामले और दीवानी मामले जैसे कि किराया, बैंक ऋण, बच्चों व पत्नी के लिए भरण-पोषण, चैक बाउंस, साइबर क्राइम व राजीनामा योग्य फौजदारी मामलों को रखा गया।
उन्होंने बताया कि नारनौल, कनीना और महेंद्रगढ़ में आयोजित लोक अदालत में 13829 केस निपटारे के लिए रखे गए। इनमें से 11108 केस निपटाए गए। इसमें से 28 मोटर वाहन दुर्घटना से संबंधित मामले थे, जिनमें कुल 1 करोड़ 65 लाख 50 हजार रुपये का मुआवजा दिया गया। उन्होंने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा एक हेल्पलाइन नंबर 01282-250322 जारी किया गया है। इस पर संपर्क कर आमजन कानूनी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
साथ ही फैसलों के खिलाफ अपील न होने के कारण न्यायालयों का बोझ भी कम होता है। उन्होंने कहा कि इससे समाज में प्यार, भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने में भी मदद मिलती है। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय बार के कई वरिष्ठ अधिवक्ता भी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर बार प्रधान अधिवक्ता मंजीत यादव, पूर्व प्रधान अधिवक्ता संदीप यादव, पूर्व प्रधान अधिवक्ता ओपी रामबास, अधिवक्ता मीनाक्षी यादव, अधिवक्ता सतीश करीरा, अधिवक्ता सुनील ककराला, संदीप यादव, दिनेश कुमार नाजीर अधिवक्ता शामिल रहे।