महेंद्रगढ़। शहर के मुख्य मार्ग 11 हट्टा बाजार से नपा की ओर से हटाए गए अतिक्रमण के मलबे को उठाना शुरू कर दिया गया है। शनिवार को ट्रैक्टर ट्रॉली और दो मशीनों की मदद से मलबे को उठाना शुरू कर दिया गया है।
जिम्मेदारों का दावा है कि सोमवार तक भगवान परशुराम चौक तक दुकानों के सामने पड़े मलबे को उठाया लिया जाएगा। नगर पालिका सचिव अनिल कुमार ने बताया कि नगर पालिका तीन से छह जून तक मोहल्ला सैनीपुरा से भगवान परशुराम चौक तक दुकानों के बाहर से पक्के अतिक्रमण को हटाया गया था।
कॉलेज मोड से परशुरा चौक तक अतिक्रमण हटाया जा चुका है। साथ ही कुछ मकानों एवं दुकानों का हिस्सा सड़क के बीच आ रहा था उन्हें नोटिस जारी कर दिए हैं। नगर पालिका की ओर से मसानी चौक से लेकर कॉलेज रोड तक पक्के अतिक्रमण के साथ-साथ सड़क के बीच में आ रहे चबूतारों, रैंप या अवैध निर्माण को हटाने के लिए दुकानों व मकानों पर नोटिस चस्पा कर दिए गए है। उन्हें सात दिनाें तक का समय दिया गया है इसके बाद हटाने के लिए कार्रवाई शुरू की जाएगी।
बता दें पिछले मंगलवार को करीब 300 दुकानों के सामने से बनी पक्की सीढ़ी, चबूतरे, टिनशेड व पक्के अतिक्रमण को हटाया गया था। नगरपालिका की ओर से डेढ़ किलोमीटर लंबे इस सड़क पर कॉलेज मोड से परशुराम चौक तक अतिक्रमण तो हटा दिया, लेकिन मलबा धीमी गति से उठाया जा रहा है।