अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। शहर के पांच किलोमीटर की दूर बिजली की समस्या से परेशान 10 गांवों के किसानों व ग्रामीणों ने शनिवार सुबह गांव लहरोदा स्थित 33 केवी सब स्टेशन पर ताला जड़कर बिजली निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सूचना मिलने पर फैजाबाद पुलिस चौकी प्रभारी अविनाश कुमार अपनी टीम सहित मौके पर पहुंचे। चौकी प्रभारी ने सब स्टेशन पर नारेबाजी कर रहे ग्रामीण को समझाया। लेकिन ग्रामीण बिजली निगम के उच्चाधिकारियों को मौके पर बुलाने की बात पर अड़े रहे। बाद में चौकी प्रभारी ने इसकी सूचना बिजली निगम के उच्चाधिकारियों को दी। सूचना मिलने पर बिजली निगम के जेई संजीव कुमार ने 15 दिन का आश्वासन देकर सब स्टेशन का ताला खुलवाया।
सब स्टेशन पर विरोध प्रदर्शन कर रहे ग्रामीण विक्रम, अजीत, राजेश, अशोक, विरेंद्र, सुरेश, राजेंद्र, नरेश, रामसिंह, केदार व सोनू का कहना था कि लहरोदा में 33 केवी सब स्टेशन बना हुआ है। इस सब स्टेशन लहरोदा के आसपास पड़ने वाले 10 गांवों में बिजली की सप्लाई होती है। उन्होंने कहा कि पिछले एक महीने से रात के समय में बिजली सप्लाई नहीं हो रही। उन्होंने कहा कि दिन में अधिकतर बार बिजली सप्लाई बंद रहती है जिसके कारण इस भीषण गर्मी में दिन और रात के समय में बच्चों और बुजुर्गाें का बूरा हाल हो रहा है। उन्होंने कहा कि इन गांवों में सप्लाई होने वाली बिजली का कोई शेड्यूल नहीं है। इसके कारण इन गांवों में पेयजल संकट भी गहराया हुआ है। उन्होंने कहा कि इसकी शिकायत अनेक बार बिजली विभाग के उच्चाधिकारियों को कर चुके हैं, लेकिन इस समस्या का आज तक कोई समाधान नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि गत महीने से परेशान होकर सब स्टेशन पर ताला बंदी की है। उन्होंने कहा कि इस समस्या का जल्द कोई समाधान नहीं हुआ तो अगली बार रोड जाम किया जाएगा।
15 दिन के आश्वासन पर खोला सब स्टेशन का ताला
10 गांवों के ग्रामीणों ने एकत्रित होकर लहरोदा में स्थित 33 केवी के सब स्टेशन पर शनिवार की सुबह साढ़े नौ बजे ताला लगा दिया। इसकी सूचना मिलने पर विभाग के जेई संजीव कुमार मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों की समस्या सुनी। ग्रामीणों की समस्या सुनने के बाद जेई संजीव 15 दिनों के अंदर बिजली व्यवस्था को ठीक करने का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने करीब एक घंटे बाद सब स्टेशन ताला खोल दिया।
पांच घंटे मिलने वाली बिजली का भी नहीं कोई शेड्यूल
सब स्टेशन पर विरोध प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों का कहना था कि 24 घंटों में मात्र 5-6 घंटे ही बिजली सप्लाई होती है। ग्रामीणों ने कहा कि इन 10 गांवों में दिन के समय सप्लाई होने वाली बिजली का कोई शेड्यूल नहीं है और रात के समय में तो पूरी रात ही बिजली गुल रहती है जिसके कारण इन 10 गांवों के ग्रामीणों को काफी परेशानियों का करना पड़ रहा है।
इन गांवों में होती है लहरोदा सब स्टेशन से सप्लाई
लहरोदा सब स्टेशन से करीब 10 गांवों में बिजली सप्लाई होती है। इनमें नांगतिहाड़ी, बड़गांव, बडकोदा, कुतबापुर, शहरपुर, नूनी सलूनी, नूनी अव्वल, नसीबपुुर, लहरोदा व हडीना आदि गांवों में लहरोदा सब स्टेशन बिजली सप्लाई होती है।
क्या कहते हैं बिजली विभाग के जेई
इस संबंध में बिजली विभाग के जेई संजीव कुमार ने कहा कि सब स्टेशन पर लाइट इन्सीनेटर पंक्चर हो जाता है। उन्होंने कहा कि सब स्टेशन की अधिकतर केवल भी काफी पुरानी है जिसके कारण यह समस्या आ रही है। उन्होंने कहा कि यह समस्या बारिश के मौसम में अधिक आती है। इसके कारण बिजली सुचारु रूप सप्लाई नहीं हो रही है। उन्होंने कहा जल्द ही इस समस्या का समाधान कर दिया जाएगा और भविष्य में किसी प्रकार कोई परेशानी नहीं होगी।