अमर उजाला ब्यूरो
महेंद्रगढ़। कनीना रेलवे स्टेशन गेट नंबर-86 सी के पास बुधवार देर शाम को लगभग सात वर्षीय बच्चा गेटमैन को लावारिस अवस्था में मिला। गेटमैन ने बच्चे को जीआरपी महेंद्रगढ़ को सौंप दिया। वीरवार को बच्चे को सीडब्ल्यूसी चेयरपर्सन मंजू कौशिक के समक्ष पेश किया गया। बच्चे से पूछताछ के बाद सीडब्ल्यूसी चेयरपर्सन ने उसे ओपन शेल्टर होम बाल भवन नारनौल भेज दिया।
कनीना रेलवे स्टेशन गेट नंबर-86 सी के गेटमैन अनिल कुमार को शाम लगभग सवा सात बजे एक लगभग सात वर्षीय बच्चा लावारिस अवस्था में घूमता मिला। इसे लेकर गेटमैन सदरथाना कनीना पहुंचा। सदर पुलिस ने गेटमैन को जीआरपी चौकी भेज दिया। इस पर गेटमैन ने रात लगभग 10 बजे जीआरपी चौकी महेंद्रगढ़ को लावारिस बच्चा मिलने की सूचना दी। इस पर एएसआई दयाराम और जयप्रकाश गेट मौके पर पहुंचे और बच्चे को गेटमैन से ले लिया। वीरवार सुबह बच्चे को जिला बाल कल्याण समिति की चेयरपर्सन मंजू कौशिक के समक्ष पेश किया। इस मौके पर सीडब्ल्यूसी सदस्य महाबीर भी उपस्थित थे। पूछताछ में बच्चे ने अपना नाम राजन बताया। साथ ही कहा कि कि उसके मां-बाप नहीं है। वह ट्रेन में भीख मांग कर अपना पेट पालता है।