सेना भर्ती के लिए आन लाइन रजिस्ट्रेशन अनिवार्य
अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। भारतीय थल सेना के लिए चार से 12 अक्टूबर तक भिवानी पुलिस लाइन में महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, दादरी, भिवानी जिलों के उम्मीदवारों के लिए खुली भर्ती होगी। इसमें ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन में आधार कार्ड का नंबर दर्ज होना अनिवार्य है।
सेना भर्ती कार्यालय चरखी दादरी के भर्ती निर्देशक कर्नल अजीत कुमार पिल्लई ने बताया कि भर्ती के समय उम्मीदवार के पास दसवीं एवं बारहवीं के मूल प्रमाण-पत्र और उनकी फोटो होना आवश्यक है। इसके अलावा हरियाणा निवास प्रमाण पत्र, जाति एवं चरित्र प्रमाण पत्र लाना अनिवार्य है। ये तीनों प्रमाण पत्र छह माह से अधिक पुराने नहीं होने चाहिए। जिस उम्मीदवार के पास एनसीसी सर्टिफिकेट है, वे अपने सर्टिफिकेट साथ लेकर आएं। यदि किसी उम्मीदवार के पास खेल सर्टिफिकेट है तो उसके पास डायरेक्टर डिपार्टमेंट ऑफ हरियाणा का ग्रेडेसन सर्टिफिकेट होना चाहिए। उन्होंने बताया कि सैनिक एवं भूतपूर्व सैनिक के बच्चों के पास ओरिजनल रिलेशन सर्टिफिकेट होना चाहिए है। दस्तावेज की लिस्ट आर्मी वेबसाइट ज्वाइनइंडियनआर्मी डॉट एनआइसी डॉट इन पर दी गई है। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इच्छुक उम्मीदवार अपना नाम आर्मी की वेबसाइट ज्वाइनइंडियनआर्मी डॉट एनआइसी डॉट इन पर 22 सितंबर तक रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं।