हेल्थ कर्मी स्क्रीनिंग करते हुए।
- फोटो : Narnol
जिले में वीरवार को दस नए कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। इसके अलावा नारनौल में काम करने वाली एडीए व एएनएम संक्रमित मिली हैं, हालांकि दोनों की गिनती उनके मूल जिलों में की गई है। अब जिले में कोरोना पॉजिटिव की कुल संख्या 276 हो गई है। वीरवार को तीन कोरोना संक्रमित मरीज को डिस्चार्ज किया गया है। अभी तक जिले में कुल 185 कोरोना संक्रमित मरीज ठीक हो चुके हैं। जिले में कोरोना के 90 केस अभी भी एक्टिव हैं। दस मरीजों में से तीन की ट्रैवल हिस्ट्री है जबकि सात संपर्क में आने से संक्रमित हुए हैं।
सीएमओ डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि दस मरीजों की ट्रैवल हिस्ट्री ली गई है। संबंधित एरिया को कंटेनमेंट जोन बनाकर बैरिकेड लगवाया गया है। गांव अटाली में वीरवार को एक युवक कोरोना पॉजिटिव मिला। युवक की कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट प्राप्त कर पीएचसी सीहमा के हेल्थ इंस्पेक्टर रामफल टीम के साथ मौके पर पहुंचे और परिवार के सदस्यों की स्क्रीनिंग की।
हेल्थ इंस्पेक्टर रामफल ने बताया कि कोरोना पॉजिटिव मिला युवक मानेसर की एक कंपनी में कार्य करता है। बुखार होने पर 26 जून को गांव लौटा था। युवक ने घर पहुंचकर एकांतवास में रहा और 30 जून को अटेली मंडी अस्पताल में कोरोना टेस्ट करवाया था। जिसकी रिपोर्ट दो जुलाई को आई है। सरपंच अमर सिंह अटाली ने पंचायत की ओर से घर में दवा का स्प्रे करवाया। कोरोना पॉजिटिव युवक उपचार के लिए कोविड-19 में भर्ती हो गया।
वहीं गांव धन्नौदा गांव में 28 जून को पश्चिम बंगाल से आए बीएसएफ के जवान का 72 वर्षीय पिता संक्रमित मिला है। संक्रमित के संपर्क में आने वालों की थर्मल स्क्रीनिंग की जा रही है। अटेली सीएचस के अंतर्गत अब कोरोना के 61 केस हो गए हैं। डॉ. जगमोहन व दूसरे स्वास्थ्य कर्मी मौके पर पहुंच कर अग्रिम कार्रवाई की। बता दें कि गांव धनौंदा का 48 वर्षीय जवान जो रायगंज से 25 जून को आने के बाद उसका सैंपल लिया था। वहीं नांगल चौधरी में सरकारी गर्ल्स कॉलेज का चौकीदार कोरोना संक्रमित मिला है। पकॉलेज के प्राचार्य अखिलेश कुमार ने बताया कि दस स्टाफ ने सैंपल दे दिया गया है। जल्द कॉलेज को सैनिटाइज किया जाएगा। फिलहाल कॉलेज को बंद कर दिया गया है। अन्य स्टाफ को होम क्वारंटीन किया गया है। वहीं लुजोता का युवक वकील है जो दूसरे के संपर्क में आने से संक्रमित हुआ है। नारनौल के माली टिब्बा निवासी युवक जयपुर से आया था। गांव उच्चत के दो संक्रमित अन्य के संपर्क में आने से संक्रमित हुए हैं। पड़तल भी मरीज दूसरे के संपर्क में आने से संक्रमित हुआ है। तीन होम क्वारंटीन लोगों को मुक्ति दी गई है।
337 की रिपोर्ट आना बाकी
सीएमओ ने बताया कि वीरवार को एक मोबाइल टीम ने 86 लोगों की स्क्रीनिंग की है। जिले में दो जुलाई तक 74404 नागरिकों की स्क्रीनिंग की गई है। इनमें से 44020 मरीजों में सामान्य बीमारी पाई गई है। उन्होंने बताया कि कोविड-19 के लिए अब तक जिले से 7432 सैंपल भेजे गए हैं। इनमें 337 सैंपल की रिपोर्ट आनी शेष है।
कोरोना संक्रमित की सूची:-
नांगल चौधरी -1
लूजोता -1
नांगल सिरोही -1
उच्चत- 2
मोहल्ला माली टिब्बा- 1
अटाली - 1
कनीना-1
धनौंदा- 1
पड़तल- 1