रिजल्ट में हो रही गड़बड़ी और अन्य छात्र समस्याओं को दूर करवाने के लिए
इनसो के बैनर तले विद्यार्थियों ने प्रशासनिक भवन के सामने जमकर बवाल मचाया
और एमडीयू प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों ने कुछ
देर के लिए कुलपति कार्यालय पर ताला भी जड़ दिया। करीब डेढ़ घंटे बाद में
कुलपति एचएस चहल मौके पर पहुंचे और जैसे-तैसे प्रदर्शनकारियों को मनाया।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि अगर तीन दिन के अंदर समस्या का समाधान नहीं हुआ
तो वे दोबारा से प्रशासनिक भवन पर तालाबंदी कर देंगे।
वीरवार को
इनसो के जिला प्रधान प्रदीप देशवाल के नेतृत्व में काफी संख्या में
छात्र-छात्राएं एमडीयू के प्रशासनिक भवन के बाहर एकत्रित हुए और एमडीयू
प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। उन्होंने कहा कि इनसो की तरफ से
छात्र समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार ज्ञापन देने पर भी कोई कार्रवाई
नहीं हो रही। मदवि में घन का दुरुपयोग हो रहा है। अनावश्यक कार्यों पर विवि
के धन को पानी की तरह बहाया जा रहा है।
प्रदर्शनकारियों ने वहां
अधिकारियों को खूब खरी-खोटी सुनाई। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने कुलपति
कार्यालय पर थोड़ी देर के लिए तालाबंदी कर दी। प्रदर्शनकारियों ने एमडीयू
प्रशासन पर आरोप लगाया कि परीक्षा परिणामों में भारी गड़बड़ी हो रही है।
छात्रों को पूरे पेपर ठीक तरह से करने के बाद भी शून्य अंक दिए जा रहे हैं।
कई बार परीक्षा देने के बाद भी अनुपस्थित दिखाकर फेल कर दिया जाता है।
इसके अतिरिक्त छात्रों ने प्री पीएचडी तथा एमफिल की सीटें बढ़ाने की भी
मांग की। करीब डेढ़ घंटे बाद कुलपति एचएस चहल प्रदर्शनकारियों के बीच
पहुंचे और उन्होंने आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं को जल्द दूर कर दिया
जाएगा।
प्रदर्शनकारियों में रामबीर बडाला, अरविंद गोस्वामी, चिंटू
शर्मा, दीपक दलाल, अजय अहलावत, मनोज, रजनीश सुंदरपुरिया, गौरव, अमित
कन्हेली, कपिल, दुष्यंत, आशीष साहू, कामराज, आदित्य दलाल, लव शर्मा,
हिमांशु, सौरभ, मोहित, हितेश, मोनिका, ज्योति, प्रियंका, टीना, अंजू,
कविता, स्नेह, शालू, कमलजीत, राजेश और विकास आदि शामिल रहे।