केयू के युवा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम विभाग द्वारा आयोजित 38वें इंटर जोनल यूथ फेस्टिवल का शुभारंभ बुधवार को कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के आडिटोरियम हॉल में किया गया।
इसका उद्घाटन हरियाणा पुलिस एकेडमी मधुबन करनाल के आईजीपी राजबीर सिंह देसवाल ने किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय हरियाणा की सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के साथ प्रदेश के युवाओं को सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए एक बेहतर मंच प्रदान कर रहा है।
उन्होंने कहा कि युवाओं को पढ़ाई के साथ सांस्कृतिक गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। इससे देश और प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को समझने का मौका मिलता है। देसवाल ने कहा कि आज युवाओं के पास ढेरों अवसर हैं।
अगर वे सही दिशा में कडी मेहनत कर कौशल का विकास करें तो अपने जीवन में एक अच्छे मुकाम को हासिल कर सकते हैं। केयू कुलसचिव डॉ. प्रवीन कुमार सैनी ने समारोह के मुख्य अतिथि आईजीपी राजबीर सिंह का स्वागत करते हुए कहा कि केयू शिक्षा के साथ हरियाणा की संस्कृति से युवाओं को जोड़ने का प्रयास कर रहा है। युवा पीढ़ी को संस्कारों के साथ हरियाणवीं सांस्कृतिक विरासत की समझ भी हो।
उन्होंने कहा कि इस महोत्सव में विश्वविद्यालय से संबंधित कॉलेजों के सभी सात जोन के युवा कलाकार 30 से अधिक विधाओं में भाग ले रहे हैं। इस मौके पर युवा सांस्कृतिक कार्यक्रम विभाग के निदेशक डॉ. महासिंह पूनिया ने अतिथियों का स्वागत किया।
युवा सांस्कृतिक कार्यक्रम विभाग सांस्कृतिक प्रतिभा को मंच देने के लिए वचनबद्ध हैं। भविष्य में भी इस तरह के आयोजन निरंतर जारी रहेंगे। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के डीन एकेडमिक अफेयर प्रो. अनिल वोहरा, प्रो.अरुणा शर्मा, प्रो. राजिंद्र सिंह भट्टी, प्रो. एसएस बूरा, डॉ. आरके सूदन, डॉ. अनिल गुप्ता, सभी संकायों के डीन, प्रिंसिपल और बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। मंच का संचालन डॉ. आबिद अली ने किया।
कोरियोग्राफी में यमुनानगर, क्लासिकल में केयू कैंपस जीता
कोरियोग्राफी प्रतियोगिता में यमुनानगर जोन प्रथम, करनाल जोन द्वितीय, केयू कैं पस जोन तृतीय स्थान पर रहा। क्लासिकल इंस्ट्रूमेंटल सालो में केयू कैंपस जोन प्रथम, अंबाला जोन द्वितीय और हिसार जोन तृतीय रहा।
ग्रुप सांग प्रतियोगिता हरियाणवी में हिसार जोन प्रथम, यमुनानगर जोन द्वितीय और अंबाला जोन तीसरे स्थान पर रहा। क्लासिकल इंस्ट्रूमेंटल सोलो में करनाल जोन प्रथम, केयू कैंपस जोन द्वितीय, अंबाला जोन तीसरे स्थान पर रहा। रसिया ग्रुप डांस में हिसार जोन प्रथम, केयू कैंपस जोन द्वितीय, यमुनानगर जोन द्वितीय स्थान पर रहा।
इंटर जोनल युवा महोत्सव के पहले दिन में डीएवी कॉलेज करनाल, अंबाला जोन, कुरुक्षेत्र जोन और केयू कैंपस जोन ने कोरियोग्राफी में शानदार प्रस्तुति दी।
आज के खास प्रोग्राम
वीरवार को आडोटोरियम हॉल में रिचुअलस, हरियाणवी आर्केस्ट्रा, हरियाणवी पॉप सांग, वेस्टर्न ग्रुप सांग और ग्रुप डांस जनरल, आरकेसदन में सोलो डांस पुरुष और महिला, स्किट प्रतियोगिता, संस्कृत ड्रामा, कुवि के संगीत एवं नृत्य विभाग में सुबह वेस्टर्न वोकल सोलो, वेस्टर्न इंस्ट्रूमेंटल सोलो, फोक सांग जनरल, लाइट वोकल इंडियन, फोक इंस्ट्रूमेंटल सोलो, खुला मंच में शाम के सत्र में सांग होगा।