इस्माईलाबा। विदेश में युवक का अपहरण कर परिजन से 50 लाख रुपये मांगे जाने को लेकर एक परिवार दहशत में आ गया है। पुलिस तक मामला पहुंच चुका है, जिसके बाद मामला दर्ज कर जांच भी शुरू कर दी गई है।
बख्शीस सिंह वासी गांव थडौली ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका बड़ा बेटा नवजीत सिंह आस्ट्रेलिया जाना चाहता था। उनकी एजेंट कर्म सिंह वासी गांव छोटा जोला खुर्द जिला मौहाली के साथ 20 लाख रुपये में बात तय हुई थी। रकम आस्ट्रेलिया पहुंचाने पर दी जानी थी तो वहीं पासपोर्ट व अन्य दस्तावेज कहे अनुसार जसकर्ण सिंह वासी कलियाणा जिला बठिंडा को दे दिए थे।
28 फरवरी को एजेंट कर्म सिंह, जसकरण व एक अन्य महिला उनके पास गांव थडौली में आए और नवनीत सिंह को आस्ट्रेलिया भेजने के लिए रिश्तेदार योगेश कुमार व संदीप सिंह वासी गांव अंटेहड़ी के साथ दिल्ली ऐयरपोर्ट ले गए थे। संबंधित एजेंटों ने ही दिल्ली से उजबेकिस्तान की टिकट करवाई थी और उन्हें आश्वासन दिया था कि दो तीन घंटे उजबेकिस्तान में रुकने के बाद आस्ट्रेलिया भेज दिया जाएगा। दिल्ली ऐयरपोर्ट पर कथित एजेंट कर्म सिंह, जसकरण व उनके रिश्तेदार नवनीत सिंह को दिल्ली ऐयरपोर्ट पर उजबेकिस्तान जाने के लिए छोड़ कर आ गए थे। उसके 10 घंटे बाद विदेश से उनके पास फोन आया कि तुम्हारा लड़का हमारे कब्जे में है। उन्होंने अपना नाम बाबा खान व अकबर खान बताया है। आरोपियों ने विदेशी स्कैनर पर 50 लाख रुपये भेजने की मांग रखी है। आरोपियों ने पैसे नहीं देने पर उनके बेटे को जान से मारने की धमकी दी है।
उन्होंने बताया कि आरोपी उसके बेटे को प्रताड़ित कर रहे हैं। मामले के जांच अधिकारी एसआई जसबीर ने बताया कि कर्म सिंह, जसकरण, बाबा खान, अकबर खान व एक अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले के प्रत्येक पहलू को लेकर जांच की जा रही है। आरोपी कर्म सिंह व जसकरण को गिरफ्तार कर लिया गया है।