कैथल रोड पर बिजली की तारों की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान जसविंद्र (22) पुत्र बलबीर निवासी कलाल माजरा के रूप में हुई है जो कि अपने ननिहाल में रहता था और कैथल रोड एक जनरेटर की दुकान पर काम करता था।
पुलिस को दी शिकायत में गुरमीत सिंह निवासी गांव भेरियां ने बताया कि उसका भांजा जसविंद्र उनके पास ही रहता था जो कि कैथल रोड स्थित एक जनरेटर की दुकान पर नौकरी करता था। शुक्रवार को दुकानदार कश्मीर सिंह ने उसे दुकान पर काम करने के लिए बुलाया था। दोपहर के समय दुकानदार ने उसके भांजे जसविंद्र को लोहे का पाइप लेने के लिए दुकान की छत पर भेजा था। छत से लोहे का पाइप उठाते समय पाइप दुकान के पास से गुहर रही बिजली की तारों से छू गया जिससे वह बेसुध होकर छत पर गिर गया। उसी अवस्था में उसे दुकानदार ने पिहोवा के निजी अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने ब्यान के आधार पर इत्तेफाकिया रपट दर्ज करके शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों के हवाले कर दिया।