कुरुक्षेत्र। युवक को अमेरिका भेजने की बजाय कोलंबिया में बंधक बनाकर साढ़े 32 लाख रुपये की धोखाधड़ी के आरोप में पुलिस ने एक महिला समेत पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। युवक के परिजन उसके साथ कोई अनहोनी की आशंका जता रहे हैं। उनकी अपने बेटे से करीब दो महीने से बातचीत नहीं हुई है।
थाना केयूके में दर्ज शिकायत में तारा शर्मा निवासी दीदार नगर ने बताया कि आरोपी विकासदीप और पंकज शर्मा ने उसके चचेरे भाई अक्षत को 55 लाख रुपये में अमेरिका भेजने का आश्वासन दिया था। इसमें आधी रकम पहले तथा बकाया रकम अमेरिका पहुंचने के बाद देना तय हुआ था। 20 जुलाई को आरोपी कुरुक्षेत्र आकर उनसे साढ़े 27 लाख रुपये नकद लेकर गए थे। यह रकम उन्होंने अपनी साढ़े चार एकड़ जमीन बेचकर प्राप्त की थी। कुछ दिन बाद आरोपियों ने एक महिला के जरिये बकाया रकम मांगी, जिस पर उन्होंने बकाया रकम अमेरिका पहुंचने के बाद देने का वादा किया।
22 जुलाई को आरोपियों ने उसके भाई अक्षत को दिल्ली एयरपोर्ट से अमेरिका की जगह ब्राजील भेज दिया। यहां उसके भाई को 10-12 दिन तक प्रताड़ित किया। उसके भाई को अंधेरे कमरे में बंद कर आरोपी उन पर रुपये देने का दबाव डालने लगे। डर के कारण उन्होंने दो लाख रुपये आरोपी के बताए खाते में 13 अगस्त को डाल दिए। दो दिन बाद आरोपी उसके भाई को पनामा के जंगल में ले गए और तीन लाख रुपये देने की मांग रखी। रुपये न देने पर आरोपियों ने उसके भाई को जान से मारने की धमकी दी।
इस धमकी के डर से उन्होंने 16 अगस्त को तीन लाख रुपये आरोपियों को नकद दिए। 20 अगस्त को अक्षत ने अपनी मां को कोलंबिया से कॉल किया। अक्षत ने बताया कि आरोपी उससे रुपये की मांग कर रहे हैं साथ ही धमकी दी है कि अगर उनकी मांग पूरी नहीं हुई तो उसे जान से मारकर उसके शरीर के अंग बेच देंगे। मामले को लेकर उसने पंकज व विकासदीप से बातचीत की तो आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज की। 20 अगस्त के बाद से उनकी अक्षत के साथ बातचीत नहीं हुई है। उनको डर सता रहा है कि कहीं आरोपियों ने उसके भाई की हत्या तो नहीं कर दी। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।