लगातार गिरता भूजल स्तर सरकार व किसानों के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। हरियाणा सरकार द्वारा मेरा पानी मेरी विरासत स्कीम के तहत गिरते भू-जल को बचाने के लिए किसानों का धान के विकल्प के रूप में मक्का, दलहन इत्यादि की खेती करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के उपनिदेशक डॉ. प्रदीप मिल ने कहा कि धान के स्थान पर मक्का अथवा अन्य पानी की बचत वाली फसलों की बिजाई करने वाले किसानों को 7 हजार रुपये प्रति एकड़ के हिसाब से प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। इसके लिए किसान को मेरी फसल मेरा ब्योरा पोर्टल पर 15 जुलाई तक पंजीकरण कराना होगा। इंजीनियर राकेश वर्मा ने कहा कि मक्का की बिजाई के लिए सहायक कृषि अभियंता कुरुक्षेत्र कार्यालय में 6 मेज प्लांटर और 2 न्यूमेटिक प्लांटर मशीन किसानों के लिए नि:शुल्क उपलब्ध है। मशीन लेने के इच्छुक किसान सहायक कृषि अभियंता कुरुक्षेत्र कार्यालय में प्रार्थना पत्र देकर व आधार कार्ड की प्रति जमा करवाकर पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर मशीनें प्राप्त कर सकते है। ट्रैक्टर व डीजल का प्रबंध किसान को स्वयं करना होगा। कृषि यंत्रों के सम्बन्ध में अधिक जानकारी के लिए किसान सहायक कृषि अभियंता कार्यालय में मोबाइल नंबर 94662-41535 व 97295-41014 पर संपर्क कर सकते है।