बाबैन। प्राचीन माता मनसा देवी मंदिर टाटकी में एक दिवसीय मेला और कुश्ती-दंगल का आयोजन किया गया, जिसका शुभारंभ सरपंच रणवीर सिंह ने कमेटी सदस्यों के साथ दो पहलवानों निर्मल सुरखपुर व अमित पहलवान उमरी का हाथ मिलाकर किया। बलवान पहलवान राजेपुर ने सुखदेव पहलवान को पटखनी दी। झंडी की कुश्ती में नागेंद्र बाबा अयोध्या ने अमरनाथ पहलवान नेपाल को पटखनी दी।
सरपंच रणवीर सिंह ने कहा कि ग्रामीण स्तर पर आयोजित होने वाली दंगल प्रतियोगिताओं से ग्रामीण पहलवानों को अपनी प्रतिभा का जौहर दिखाने का अच्छा मौका मिलता है। कुश्तियों में पहलवानों द्वारा दिखाए जाने वाले दांव पेंच से लोगों का खूब मनोरंजन हो जाता है और युवा को खेलों में भाग लेने की प्रेरणा मिलती है।
उन्होंने कहा कि 100 साल से भी ज्यादा समय से इस मेले पर लगने वाला यह दंगल क्षेत्र के लोगों के मनोरंजन का एक बड़ा साधन बन गया है। युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर खेलों को अपने जीवन का अभिन्न अंग बनकर खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लें ताकि वे जीवन में आगे बढ़ सकें। रेफरी की भूमिका क्षेत्र के जाने माने पहलवान श्यामसुंदर यारा ने बखूबी निभाई। मंदिर प्रबंधक कमेटी ने गांव वालों व समाजसेवियों के सहयोग से सभी पहलवानों को नकद इनाम देकर सम्मानित किया। इस मौके पर प्रधान रघुवीर सिंह, मोहकम सिंह नंबरदार, बलकार सैनी टाटकी, अनिल टाटकी, दीपू रानी माजरा, अंकुश अमीन, सुमित जींद सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।