संवाद न्यूज एजेंसी
लाडवा। अनाजमंडी में धान का सीजन होने के बावजूद मजदूरों को दूषित पानी पीने को मजबूर होना पड़ रहा है। जिससे वे बीमार होने लगे हैं तो उनके परिवार के समक्ष सीजन होने के बाजवूद संकट खड़ा हो गया है। बीमार हुए मजदूर अस्पताल में भी पहुंचे हैं तो दूसरे मजदूरों में भी भय बना है।
सरकारी अस्पताल में भर्ती एक मजदूर शैलेंद्र ने बताया कि पिछले दो-तीन दिन से अनाजमंडी में दूषित पानी की सप्लाई आ रही है। इसे पीने के कारण अनाजमंडी के कई मजदूर बीमार हो रहे हैं, जिससे मजदूरों में भय भी बनने लगा है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द ही सरकार व प्रशासन की ओर से इस ओर ध्यान नहीं दिया गया तो आने वाले दिनों में मजदूरों के साथ-साथ व्यापारी व किसान भी बीमार हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि मजदूरों को उल्टी, दस्त आदि लग रहे हैं। उनके साथ-साथ उनके साथी आर्यन कुमार, बलजीत, धामा, अर्जुन, रोबिन सहित अनेक मजदूर बीमार हो चुके हैं। अनेकों मजदूर दवाईयां खाकर मजदूरी करने को मजबूर हो रहे है।
अनाजमंडी आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान बिमलेश गर्ग ने कहा कि मार्केट कमेटी की ओर से एक नोटिस आया है, जिसके आधार पर व्यापारियों को पीने के पानी की समस्या बारे अवगत करवा दिया गया है। जल्द ही सभी व्यापारी अपनी-अपनी पानी की टंकियां चैक करवाकर समस्या का समाधान कर देंगे।
लाडवा मार्केट कमेटी के सचिव संत कुमार ने कहा कि जो सरकारी वाटर कूलर व टंकी अनाजमंडी में लगवाई गई है, उनकी पूर्ण रूप से सफाई करवा दी गई थी और एक-दो टंकी जो खराब थी उसके सफाई का कार्य चल रहा है। उन्होंने कहा कि अनाजमंडी के कुछ व्यापारियों की दुकानों पर बनी टंकियों में काफी-काफी गंदगी जमा हुई पड़ी है, जिसके कारण कुछ दिक्कत आ रही है। अनाजमंडी के सभी व्यापारियों को नोटिस जारी कर दिया गया है कि दो दिन में पीने के पानी की टंकी ठीक करवा ले अन्यथा उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।