पुलिस अधीक्षक सिमरदीप सिंह ने कहा कि अब महिलाएं बेझिझक न्याय पाने और अपनी शिकायत दर्ज करवाने के लिए महिला पुलिस थाने का द्वार खटखटा सकेंगी। केवल महिलाओं के लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल के आदेशानुसार सेक्टर-8 में जिले का पहला महिला पुलिस थाना स्थापित किया गया है। इस महिला पुलिस थाने का उद्घाटन रक्षाबंधन से एक दिन पूर्व 28 अगस्त को प्रदेश के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री कृष्ण कुमार बेदी करेंगे। पुलिस प्रशासन की तरफ से उद्घाटन समारोह की तमाम तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पुलिस अधीक्षक सिमरदीप सिंह बुधवार को देर शाम एसपी कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सोनीपत खानपुर कलां में प्रदेश के पहले महिला पुलिस थाने के स्थापित करने के बाद हर जिला मुख्यालय पर एक महिला पुलिस थाना स्थापित किया जाएगा। इस घोषणा के अनुसार ही जिला कुरुक्षेत्र के लिए सेक्टर-8 में जिले का पहला महिला पुलिस थाना बनाया गया है। इस महिला पुलिस थाने के निर्माण कार्य पर करीब चार करोड़ रुपये की राशि खर्च की गई है। उन्होंने बताया कि महिला पुलिस कर्मचारी ही छानबीन का कार्य करेंगी। केवल छापे के लिए पुरुष पुलिस होगी। इस थाने के लिए एसएचओ मधुबन में प्रशिक्षण दिया जा चुका है। अन्य स्टाफ के लिए एक दिन का ओरिएंटेशन प्रोग्राम भी हो चुका है। स्कूल स्तर पर पेंटिंग प्रतियोगिता और निबंध लेखन प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जा चुका है। इन प्रतियोगिताओं में अव्वल आने वाले विद्यार्थियों को पुलिस विभाग ने सम्मानित किया है। डीएसपी नुपुर बिश्नोई को महिला पुलिस थाने का ओवरआल इंचार्ज बनाया गया है। इंस्पेक्टर कुसुम लता एसएचओ होंगी।
30 पुलिस अधिकारियों और कर्मी होंगे तैनातपुलिस अधीक्षक सिमरदीप सिंह ने बताया कि महिला पुलिस थाने में डीएसपी नुपुर बिश्नोई ओवरऑल इंचार्ज रहेंगे। इसके अलावा एक इंस्पेक्टर, एसआई, एएसआई और 20 कांस्टेबल सहित कुल 30 का स्टाफ होगा। इंस्पेक्टर कुसुम लता को महिला पुलिस थाने का एसएचओ बनाया है। एसआई दलीप कौर, एएसआई रमनदीप कौर, एएसआई तारो देवी, एएसआई कैलाश कौर, एएसआई परमजीत कौर, एएसआई प्रवीण कौर, हेड कांस्टेबल मेवा रानी, किरण, वीना, सत्यावती, कांस्टेबल में अमनजीत कौर, रजनी, रीना, हरजीत कौर, मंदीप कौर, पूनम रानी, राजबीर कौर, रजिनि, रामरती, सपना, सरला, सीमा, मेनका, गीता देवी, पूनम, प्रेरणा, ईएचसी विनोद कुमारी व रेनु आदि का नाम शामिल है।
स्थापित होगा 1091 हेल्पलाइन नंबरएसपी ने बताया कि महिला पुलिस थाने में ही 1091 हेल्पलाइन नंबर स्थापित किया जाएगा। इस नंबर पर फोन आने के बाद तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
स्कूलों और मार्केट में भी तैनात होंगीपुलिस अधीक्षक ने बताया कि महिला पुलिस थाने में तीन महिला राइडर और दो महिला ड्राइवरों को तैनात किया जाएगा। इस थाने में बोलेरो, एक सूमो और एक टवेरा का प्रबंध किया गया है। राइडर्स के पास तीन बाइक भी होंगी। वे छुट्टी के समय स्कूलों और मार्केट में तैनात रहेंगी।
इन धाराओं के तहत दर्ज होंगे केसएसपी सिमरदीप सिंह ने बताया कि महिला पुलिस थाने में पूरे जिले से कोई भी महिला अपना मुकदमा दर्ज करवा सकती है। इस थाने के अलावा जिले के नौ अन्य थानों में भी शिकायतकर्ता अपनी शिकायत दर्ज करवा सकेगी। इस महिली पुलिस थाने में महिलाओं के प्रति होने वाले सभी अपराधों के तहत मामला दर्ज होगा। महिला थाने में चाइल्ड मैरिज एक्ट, इम्मोरल ट्रैफिक एक्ट, दहेज, कमीशन ऑफ सती एक्ट, घरेलू हिंसा एक्ट, इन्फोर्मेशन टेक्नोलॉजी एक्ट आदि के तहत मुकद्दमे दर्ज किए जाएंगे।
महिला पुलिस थाने में होंगी ये सुविधाएंपुलिस अधीक्षक ने कहा कि महिला पुलिस थाने में एसएचओ का कक्ष, प्रोटेक्शन ऑफिसर कक्ष, एमएचसी रूम, आईओ कक्ष, आर्मरी कक्ष, महिला और पुरुष के लिए लॉकअप, वायरलेस, मालखाना, बैरक, वर्क स्टेशन आदि सुविधाएं ग्राउंड फ्लोर पर होंगी। प्रथम तल पर डीएसपी कक्ष, एनजीओ रूम, रिक्रिएशन रूम, चार बैरक, किचन आदि कक्ष होंगे।