कुरुक्षेत्र/लाडवा। मतदान केंद्रों पर मतदान के लिए पहुंचे मतदाता अपने अधिकारों के प्रति काफी सजग दिखाईं दिए। दिनभर मतदान केंद्रों पर महिलाओं की भीड़ देखने को मिली तो वहीं मतदान केंद्रों पर घूंघट की ओट में पहुंची महिलाओं ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया। जिले की चार विधानसभाओं थानेसर, लाडवा, शाहाबाद और पिहोवा में लोगों ने सुबह सात बजे से पहले ही मत का प्रयोग करने के लिए लाइनों में खड़ा होना शुरु कर दिया था और शाम छह बजे तक मतदाताओं ने बूथ पर आकर मतदान किया।
मतदान करने पहुंची महिलाएं अपने अधिकारों के साथ-साथ अपने क्षेत्र के विकास के मुद्दो के प्रति भी सजग दिखाई दी। घूंघट की ओट में भी चर्चा करती दिखाई दी कि कौन सा प्रत्याशी क्षेत्र के विकास के लिए सक्षम है और महिलाओं के हित में कार्य करेंगे। उन्होंने चर्चा के दौरान बताया कि ऐसे प्रतिनिधि का चयन किया है जो महिलाओं से जुड़ी योजनाओं को लेकर आए। पोलिंग बूथों पर महिलाओं और युवाओं की संख्या अधिक देखने को मिली। महिलाओं ने पहले मतदान किया और फिर घर के अन्य कार्यों को पूरा किया। महिलाओं का कहना है कि मतदान देश के प्रत्येक नागरिक का अधिकार है, जिसका प्रयोग कर क्षेत्र में अच्छा कार्य करने वाली सरकार का चयन किया जा सकता है। उन्हें बहुत गर्व की अनुभूति हो रही है कि महिला और पुरुष के लिए ये अधिकार बराबर है।