पिहोवा। बाखली गांव में संदिग्ध परिस्थति में एक महिला ने जहरीला पदार्थ निगल लिया, जिसके बाद कैथल के अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतका की शिनाख्त नन्हीं देवी के रूप में हुई। मरने से पहले महिला ने मजिस्ट्रेट को अपना बयान भी दर्ज कराया था, जिसमें उसने अपने परिजनों पर तंग करने के आरोप लगाए थे। शिकायत पर पुलिस ने महिला के पति सहित पांच के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।
थाना सदर में कार्यरत जांच अधिकारी एएसआई सतीश कुमार ने बताया कि गत दिवस पुलिस को सूचना मिली थी कि बाखली में एक महिला ने जहरीला पदार्थ निगल लिया है। परिजन महिला को कैथल अस्पताल ले गए। यहां महिला नन्ही देवी ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में बयान दिया कि उसके पति व अन्य परिजनों ने उसके साथ मारपीट कर सड़क पर घसीटा था। उसके बाद आरोपियों ने उसे कमरे में बंद कर दिया। परेशान होकर उसने घर में रखा जहरीला पदार्थ निगल लिया। उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई। शिकायत पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के हवाले कर दिया तो वहीं मामले की जांच शुरू कर दी है।