संवाद न्यूज एजेंसी
झांसा। नौ साल के बच्चे के साथ मारपीट कर घर में बंद करने के मामले में पुलिस ने एक महिला को नामजद करने के साथ उसके पति और अन्य के खिलाफ जुवेनाइल एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। वारदात के बाद से बच्चा बेहद डरा हुआ है।
शिकायत में पाला राम निवासी अजरानी ने बताया कि सोमवार रात उसका नाबालिग बेटा मोहित घर से दुकान पर समान लेने गया था। रास्ते में गांव के ही सुरेंद्र, उसकी पत्नी ममता और अन्य लोग मोहित को गली से उठाकर ले गए। आरोपियों ने मोहित को जबरन अपने घर में बंद कर दिया। इस दौरान आरोपियों ने मोहित के साथ मारपीट भी की।
उसने बेटे को उठाकर ले जाने की सूचना मिली तो वह तुरंत उनके घर पहुंचा। उसने बेटे को छुड़ाने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की। उन्होंने उसके बेटे की गला दबाकर हत्या करने का प्रयास भी किया। किसी तरह वह उनसे मोहित को उनके चंगुल से छुड़ाकर लाया।
थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि आरोपियों के घर से स्पीकर चोरी हो गया था। इस मामले को लेकर महिला पूछताछ के लिए उसे अपने घर लेकर गई थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं बच्चे के पिता पालाराम ने भी उनके घर जाकर महिला की बाजू तोड़ दी थी। पाला राम को गिरफ्तार कर लिया है। जल्द ही महिला को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।