कुरुक्षेत्र। एंटी नारकोटिक्स सेल ने एक महिला को नशीले पदार्थ के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी रज्जी निवासी सढ़ौरा जिला यमुनानगर के कब्जे से 50 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। आरोपी अपने पति को छोड़कर अन्य व्यक्ति के गांव कनीपला में रहती है।
एएनसी के प्रभारी मनदीप सिंह ने बताया कि उनकी टीम को जीटी रोड बाबैन मोड़ के नजदीक गश्त करते हुए सूचना मिली कि रज्जी अपने पति को छोड़कर संजीव उर्फ जिप्पी के साथ रहती है। रज्जी हेरोइन बेचने का धंधा करती है। वह गांव कनीपला में बनी जाट धर्मशाला के पास हेरोइन बेचने के लिए आएगी। सूचना पर टीम ने महिला पुलिसकर्मी को साथ लेकर धर्मशाला के पास नाकाबंदी कर नजर रखनी शुरू कर दी। कुछ देर बाद एक महिला धर्मशाला की तरफ पैदल आती दिखाई दी। शक होने पर टीम ने महिलाकर्मी की सहायता से उसे काबू कर लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम रज्जी बताया, जिसकी तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 50 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ थाना सदर थानेसर में मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। अदालत के आदेश से आरोपी रज्जी को कारागार भेज दिया। संवाद