घटना की जानकारी देती घायल महिला
- फोटो : amar ujala
सड़क हादसे में घायल एक महिला और बच्चे को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार नहीं मिल पाया। घायलों को छोड़ चिकित्सक चंडीगढ़ के लिए रवाना हो गया। इसके चलते घायलों के परिजनों में रोष है और उन्होंने आरोप लगाते हुए चिकित्सक की लापरवाही की शिकायत सीएम विंडो व स्वास्थ्य मंत्री को करने की बात कही। जानकारी के मुताबिक जगाधरी निवासी गौरव कुमार अपनी बहन अंजू व भांजे संयम के साथ शाहाबाद में अपने रिश्तेदार सुरेश बाला के यहां आ रहा था।
लेकिन बराड़ा रोड पर सड़क हादसे में अंजू व संयम बुरी तरह से घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लाया गया। लेकिन जहां घायलों को उपचार नहीं मिला। जिस कारण घायल की रिश्तेदार सुरेश बाला चिकित्सकों पर जमकर बरसी। सुरेश बाला ने आरोप लगाया कि एक चिकित्सक आपातकक्ष में पहुंचा, लेकिन बिना टांके लगाए और उपचार बीच में छोड़कर यह कहकर चला गया कि वह चंडीगढ़ जा रहा है। उन्होंने कहा कि उस समय अस्पताल में दूसरा चिकित्सक मौजूद नहीं था जिस कारण घायल की जान पर बन आई।
सुरेश बाला ने कहा कि घायल महिला के माथे पर चोट थी लेकिन चिकित्सक न तो टांके लगाए और मात्र नर्स ने पट्टी लपेटी और चिकित्सक ने कह दिया कि पीजीआई ले जाओ। उन्होंने कहा कि जख्म को देखे बिना चंडीगढ़ रेफर करना गलत है। सुरेश बाला ने कहा कि वह इस चिकित्सक की शिकायत सीएम विंडो, स्वास्थ्य मंत्री व अन्य अधिकारियों से करेगी। उन्होंने कहा कि ड्यूटी पर मौजूद नर्स ने भी जवाब दे दिया था कि वह इस घायल महिला का उपचार करने में असमर्थ हैं। सुरेश बाला ने कहा कि चिकित्सक ने बीना जांच किए उनकी घायल हुई परिजन को पीजीआई रेफर किया है। उन्होंने कहा कि वह इस लापरवाह चिकित्सक की शिकायत स्वास्थ्य मंत्री अनिव विज, सीएम विंडो व थाना शाहाबाद में करेगी।