पुलिस भर्ती प्रक्रिया में नशे में उत्पात के मामले सामने आने के बाद अब एचएसएससी सख्त हो गया है। भर्ती प्रक्रिया के दौरान पिछले पांच दिनों तक कई अभ्यर्थी नशे का उपयोग करके मानसिक संतुलन खो चुके हैं तो कई ने जमकर हंगामा भी किया।
अमर उजाला में नशे के उपयोग की खबरें लगातार प्रकाशित होने के बाद अब एचएसएससी सख्त हो गया है। यह सख्ती रविवार को भी देखने को मिली और हर अभ्यर्थी की बारीकी से जांच की गई। एचएसएससी ने नशाखोर अभ्यर्थियों का पता लगाने के लिए किट भी मंगा ली है। अब ऐसे अभ्यर्थियों की जांच के बाद इनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की बात कही जा रही है।
एचएसएससी की ओर से कुरुक्षेत्र में कराई जा रही हरियाणा पुलिस भर्ती प्रक्रिया का रविवार को छठा दिन था। शनिवार तक लगातार पांच दिन कुछ विद्यार्थियों के बेहोश होने, मानसिक संतुलन खोने और फिर उत्पात करने की घटनाएं र्हुइं। अमर उजाला ने भर्ती मैदान के पास बने अस्थायी बाथरूमों में नशे में उपयोग किए जाने वाले सामान संबंधित खबर प्रकाशित की थी।
इसके बाद लगातार ऐसे मामले सामने आते रहे, जिसमें नशे के कारण कई अभ्यर्थी बेहोश होकर घायल हुए। मानसिक संतुलन खोने के बाद इन अभ्यर्थियों में से किसी ने आत्महत्या का प्रयास किया तो किसी ने एंबुलेंस के शीशे तोड़ दिए। किसी ने साथी अभ्यर्थी का गला दबाने की कोशिश तक की। शनिवार को पुलिसकर्मी, सुरक्षाकर्मी और रेडक्रॉस कर्मी की धुनाई तक इन अभ्यर्थियों ने कर दी थी। एक अभ्यर्थी के पास नशीला पदार्थ भी मिला था।
नजर आई सख्ती
शनिवार की घटना के बाद रविवार को हुई प्रक्रिया के दौरान व्यवस्था में सख्ती नजर आई। अभ्यर्थियों की बारीकी से जांच की गई। साथ ही लाउड स्पीकर से लगातार ऐलान किया जाता रहा कि किसी भी अभ्यर्थी के पास से नशीला पदार्थ मिला या अभ्यर्थी नशे में पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस सख्ती का असर भी नजर आया कि आठ हजार अभ्यर्थी रविवार को दौड़े लेकिन इक्का दुक्का अभ्यर्थी गिरे लेकिन कोई बेहोश नहीं हुआ न ही किसी का मानसिक संतुलन ही बिगड़ा।
एफआईआर के साथ ही होंगे ब्लैकलिस्टेड
एचएसएससी के चेयरमेन भारतभूषण भारती ने बताया कि भर्ती में नशा करने वाले अभ्यर्थियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। अब अभ्यर्थियों की दौड़ शुरू होने से पहले ही डॉक्टर किट से जांच कराई जाएगी कि कहीं उन्होंने किसी तरह का नशा तो नहीं किया है। यदि कोई अभ्यर्थी पकड़ा जाता है तो उसके खिलाफ सीधे एफआईआर दर्ज कराई जाएगी और उसे भर्ती से ब्लैकलिस्टेड कर दिया जाएगा।