भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) कुरुक्षेत्र के सहायक निदेशक बीएस रंधावा ने कहा कि हॉस्टल में रैगिंग करने वाले किसी भी खिलाड़ी को बख्शा नहीं जाएगा।
सभी को विश्वविद्यालय अनुदान आयोग की हिदायतों का पालन करना होगा। हॉस्टल में रैगिंग को रोकने के लिए एक कमेटी गठित की गइ है। इसके लिए वरिष्ठ प्रशिक्षक बलवंत कौर को नोडल ऑफिसर नियुक्त किया गया है। बीएस रंधावा बुधवार को साई सेंटर में रैगिंग को रोकने के लिए प्रशिक्षकों की बैठक को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने सुप्रीम कोर्ट और विश्वविद्यालय अनुदान आयोग की जानकारी देते हुए कहा कि होस्टल में एंटी रैगिंग सेल बनाई गई है। यह समय-समय पर होस्टल की चेकिंग करेगी और रैगिंग को भी रोकेगी।
कमेटी के सदस्य विद्यार्थियों के मोबाइल और सोशल साइट्स आदि पर भी नजर रखेंगे। कमेटी के सदस्य हर माह अपनी रिपोर्ट अधिकारी को देंगे। इसके अलावा कमेटी के सदस्यों को वेबसाइट को भी अपडेट करना होगा।
नोडल ऑफिसर और एंटी रैगिंग सैल के अधिकारियों को नई गाइड लाइंस के अनुसार अपने आप को अपडेट करेंगे। इसके अलावा समय-समय पर विद्यार्थियों से बातचीत कर सरकार की हिदायतों की जानकारी भी देंगे। इस मौके पर बलवंत कौर, सतपाल सिंह, कुलदीप सिंह वड़ैच, अमित कुमार गुर्जर आदि मौजूद थे।