कुरुक्षेत्र। बार एसोसिएशन की चौधर का ताज किसके सिर सजेगा, यह शुक्रवार को होने वाले चुनाव के बाद तय होगा। मैदान में उतरे प्रत्याशी अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहे हैं, लेकिन मतदाताओं की चुप्पी से वीरवार को उनकी सांसें भी फूली रही। सभी प्रत्याशी अपने पक्ष में मतदान के लिए दिन भर अपील करते रहे।
जिला बार चुनाव दो पैनल चुनावी मैदान में हैं। हालांकि महासचिव पद के लिए त्रिकोणीय मुकाबला होगा। खास बात यह है कि इस जिला बार में महिला एग्जीक्यूटिव सदस्य का पद भी आरक्षित किया गया, जिसमें सदस्य चुनाव लड़ रही हैं।
चुनाव में सौरभ दत्त शर्मा और कृष्ण कुमार गुप्ता का पैनल आमने-सामने हैं। प्रधान पद के प्रत्याशी सौरभ दत्त शर्मा पहले भी बार के प्रधान रह चुके हैं। वहीं उनके खिलाफ चुनाव लड़ रहे कृष्ण कुमार गुप्ता निवर्तमान नगर पार्षद भी है। वह पहले भी बार चुनाव लड़ चुके हैं। दोनों ही पैनल अपनी जीत का दावा भी कर रहे हैं।
पैनल में उपप्रधान पद की रेस में अशोक कुमार बारना व भवदीप के बीच मुकाबला होगा। उधर महासचिव पद के लिए दोनों पैनल के अधिवक्ता बलविंद्र सिंह कमोदा व अजय सैनी के अलावा अमित भौरिया के बीच त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिलेगा। सहसचिव के लिए तुषार सैनी व राकेश नांदल तथा कोषाध्यक्ष के लिए अजय पांचाल व राधेश्याम अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। चुनाव अधिकारी राजन चावला ने बताया कि छह पदों के लिए मतदान होगा। शाम के समय ही नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे। जिला बार में पहले 1354 सदस्य हैं। हालांकि इनमें से करीब 17 सदस्यों के वोट काटे गए हैं। वहीं जिला बार में पहली बार महिला एग्जीक्यूटिव सदस्य पद के लिए भी चुनाव होगा। इसके लिए दो सदस्य अंजलि और गनम सिंह चुनावी मैदान में हैं।
बाक्स
पिहोवा और शाहाबाद में भी होंगे चुनाव
--------------------------------------------------
बार एसोसिएशन पिहोवा और शाहाबाद में 16 दिसंबर को चुनाव होगा। पिहोवा बार में जहां 114 सदस्य हैं वहीं शाहाबाद में 223 सदस्य वोट डालेंगे। पिहोवा बार में सह-सचिव और कोषाध्यक्ष का चुनाव हो चुका है। सहसचिव रमनदीप सैनी और कोषाध्यक्ष मनिंद्र काजल को बनाया गया है।