कुरुक्षेत्र/पिहोवा। एक दिन पहले पत्नी द्वारा संदिग्ध परिस्थिति में जहरीला पदार्थ निगलकर जान देने के बाद अगले ही दिन पति द्वारा फंदा लगाकर जान दे देने का मामला सामने आया है। माना जा रहा है कि वह पत्नी के जाने का सदमा सहन नहीं कर सका। कराह साहब गांव के रहने वाले व्यक्ति का जंगल में पेड़ पर रस्सी के साथ शव लटका मिला। सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की करवाया। उक्त गांव निवासी बलवान बादल (32) की शहर में बस स्टैंड के पास जूस की दुकान है। शुक्रवार को उसकी पत्नी पूजा (27) ने कोई जहरीला पदार्थ निगल लिया था, जिससे उसकी मौत हो गई थी। दोपहर को राहगीरों ने बलवान का शव फंदे पर लटका देखा तो सूचना पुलिस को दी थी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान कराई। मौके पर पुलिस ने फोरेंसिक टीम से भी सैंपल एकत्रित करवाए। पुलिस ने मृतक के भाई के बयान पर पति-पत्नी की मौत के मामले में इत्तेफाकिया रपट दर्ज की है। शनिवार को दोनों का पोस्टमार्टम करवाया और परिजनों के हवाले कर दिया। दोनों के दो बच्चे हैं। यह भी चर्चा है कि पति-पत्नी के बीच अनबन थी और शायद इसी के चलते ही यह कदम उठा लिया।