कुरुक्षेत्र। ब्रह्मा कॉलोनी में रह रहे दो भाइयों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बड़ा भाई सुबह घर में ही मृत मिला, जबकि छोटे का शव पास के पार्क में फंदे से लटका मिला। परिजनों के अनुसार दोनों भाई नशे के आदी हो चुके थे। पुलिस ने परिजनों के बयान पर इत्तेफाकिया रिपोर्ट दर्ज की है।
पिता रमेश ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि छोटा बेटा सन्नी नशे का सेवन करता था। वह अधिकतर घर से बाहर ही रहता था। वीरवार रात करीब 10 बजे वह घर से घूमने के लिए गया था। जब सुबह तक वह नहीं लौटा तो उन्होंने आसपास उसकी तलाश की। इसी दौरान सूचना मिली कि सन्नी का शव विष्णु कॉलोनी के पार्क में पीपल के पेड़ से लटका हुआ है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने साड़ी से बने फंदे में लटक रहे शव को नीचे उतारा।
विज्ञापन
जांच अधिकारी एएसआई सुनील कुमार ने बताया कि सुबह सात बजकर 40 मिनट पर पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक का शव पेड़ से लटका हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसके पिता रमेश कुमार की शिकायत पर इत्तेफाकिया रपट दर्ज करके पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया।
दूसरी ओर सन्नी का बड़ा भाई रोहित भी नशे का आदी था। वह वीरवार को अपने घर में सो रहा था। सुबह जब देर तक नहीं उठा तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। देखा तो वह मृत मिला। एक ही दिन में अलग-अलग दो भाइयों की मौत से परिजनों में मातम पसर गया। पुलिस को दिए बयान में परिजनों ने नशे को ही मौत का कारण बताया है। उन्होंने बताया कि दोनों भाई अपने पिता के साथ ही रेलवे रोड पर पुराने कपड़ों की फड़ी लगाते थे।