कुरुक्षेत्र। किरमिच गांव में रोडवेज बस के परिचालक का सिर फोड़ तीन-चार युवक नकदी छीनकर फरार हो गए। आरोपी को परिचालक ने टिकट के लिए टोका था, जिस पर आरोपी ने गांव पहुंचकर परिचालक पर हमला कर दिया।
थाना केयूके में दर्ज शिकायत में दिनेश कुमार निवासी बांबरहेड़ी जिला करनाल ने बताया कि वह हरियाणा रोडवेज कुरुक्षेत्र की बस पर बतौर परिचालक ड्यूटी पर था। इस बस का चालक रामपाल था। वह बस को लेकर नए बस अड्डा से निसिंग के लिए चले थे। इसी दौरान बस में मोहित निवासी किरमिच चढ़ गया। वह मोहित को पहले से जानता था, क्योंकि वह रोजाना इसी बस में गांव जाता था। मोहित बस की पिछली खिड़की पर खड़ा था। उसने मोहित को बस के अंदर सीट पर बैठने और टिकट लेने के लिए बोल दिया। इस पर वह तैश में आ गया और उसके साथ गाली-गलौज करने लगा। कुछ देर बाद बस गांव के बस अड्डे पर रुकी तो मोहित ने अपने तीन-चार अन्य साथियों के साथ उसे जबरदस्ती बस से नीचे खींच लिया और आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया। आरोप है कि मोहित ने किसी नुकीली चीज को उसके सिर पर मार दिया। शोर मचाने पर आरोपी उसके बैग से करीब चार हजार रुपये छीनकर फरार गए। आरोपी ने बस से कॉल करके अपने साथियों को अड्डे पर बुला लिया था। पीएचसी में उसके सिर टांके लगाने के बाद उसे एलएनजेपी अस्पताल रेफर कर दिया। शिकायत पर पुलिस ने मोहित को नामजद करते हुए अन्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।