कुरुक्षेत्र। बच्चों में अच्छे संस्कार घर से ही आते हैं, जहां वे अपने परिजनों को देखकर बहुत कुछ सीखते हैं। ऐसा ही एक वाक्या डीडी कॉलोनी में रहने वाले भूतपूर्व सूबेदार रविंद्र कौशिक की बेटी अनुष्का के साथ हुआ है। अनुष्का आठवीं कक्षा की छात्रा है। उसी के स्कूल के एक तीसरी कक्षा के छात्र के पास स्कूल यूनिफाॅर्म खरीदने के लिए पैसे नहीं थे। बच्चे की दादी ने स्कूल में आकर एक स्कूल कर्मचारी से मदद के लिए कहा। पास खड़ी अनुष्का ने बच्चे की दादी को कहा कि वो यूनिफाॅर्म के लिए मदद कर देगी। अनुष्का ने घर आकर अपने गुल्लक में रखे रुपये लिए और कुछ अपने पिता से लिए। ये सब उसने अगले दिन जरूरतमंद बच्चे की दादी को दे दिए।
स्कूल से आने के बाद जब अनुष्का ने आकर घर बताया तो परिजन उसकी ऐसी सोच को देख हैरान रह गए। उन्होंने उसे बताया कि इसी तरह हमें किसी भी जरूरतमंद के लिए हमेशा खड़े रहना चाहिए। उधर अनुष्का का कहना है कि वे अपने माता-पिता को इसी तरह जरूरतमंद लोगों की सहायता करते देखते रहे हैं। हर व्यक्ति को एक-दूसरे की मदद के लिए आगे आना चाहिए।