संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। जिले की मंडियों में एजेंसियों की ओर से तेजी से उठान कराया जा रहा है। जिसके चलते आगामी 10 दिनों में सीजन सिमटने के आसार नजर आ रहे हैं। उपायुक्त शरणदीप कौर बराड़ ने कहा कि मंडियों व खरीद केंद्रों पर फसल को लेकर आने के लिए प्रशासन द्वारा एक शेड्यूल बनाया गया है, जिसके तहत ही किसानों को फसल बेचने के लिए बुलाया जा रहा है। अब तक खाद्य आपूर्ति विभाग ने 41018, हैफेड ने 26937, एफसीआई ने 647, हरियाणा वेयर हाउस ने 1421 व ट्रेडर्स ने 6 किसानों सहित कुल 70029 किसानों की गेहूं की फसल को खरीदा है।
आंकड़ों के मुताबिक एजेंसियों द्वारा अलग-अलग खरीद केंद्रों से कुल 5 लाख 46 हजार 746 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की है, जिसमें से 3 लाख 75 हजार 828 एमटी गेहूं उठान कार्य सहित 69 फीसदी उठान कार्य पूरा कर लिया गया है।
जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट के आधार पर खरीदी गई गेहूं में से खाद्य एवं आपूर्ति विभाग द्वारा 3 लाख 8 हजार 470 एमटी, हैफेड द्वारा 2 लाख 20 हजार, 881 एमटी, एफसीआई द्वारा 5310 एमटी, हरियाणा वेयर हाउस द्वारा 12038 एमटी व ट्रेडर्स ने 47 एमटी गेहूं की खरीद की गई है।
अब तक खरीद की गई 5 लाख 46 हजार 746 मीट्रिक टन गेहूं में से जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने 2 लाख 11 हजार 917 एमटी, हैफेड ने 1 लाख 47 हजार 611 एमटी, एफसीआई ने 5100 एमटी व हरियाणा वेयर हाउस ने 11200 गेहूं उठान/भंडारण कार्य सहित कुल 3 लाख 75 हजार 828 एमटी गेहूं लिफ्टिंग का कार्य पूरा कर लिया गया है। इस प्रकार तक खरीदी गई गेहूं में से 69 फीसदी उठान कार्य पूरा कर लिया गया है।