कुरुक्षेत्र। जिले में वीरवार को अचानक हुए मौसम में बदलाव ने गेहूं कटाई में लगे किसानों की चिंता बढ़ा दी है। हालांकि देर रात तक बारिश नहीं हुई लेकिन बादल गरजते रहे, जिसके साथ ही किसानों की सांसें अटकीं रही। पांच डिग्री कम होकर अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस तक रहा जबकि न्यूनतम तापमान 17.1 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया। अगले दो दिन तक हल्के बादल छाए रहने की संभावना जताई जा रही है। मौसम खराब हुआ तो गेहूं की ढेरियों को ढांपा गया।
किसानों की मानें तो पिछले तीन दिन से ही गेहूं कटाई कार्य तेज होने लगा था। मंडियों में गेहूं बिकने लगा था और खेतों में कंबाइन चलने लगी थी लेकिन अचानक बदले मौसम का असर कटाई पर पड़ना लाजमी है। तेज बारिश हुई तो भारी नुकसान हो सकता है।
चार एकड़ में की कटाई : शेर सिंह
जांबा गांव से थानेसर अनाजमंडी में आए किसान शेर सिंह का कहना है कि उन्होंने वीरवार को ही चार एकड़ खेत से गेहूं कटाई करवाई थी, जिसे लेकर वे मंडी पहुंचे लेकिन अचानक मौसम खराब हो गया जबकि उनकी 40 एकड़ खेत में गेहूं की फसल कटाई के लिए तैयार खड़ी है। बारिश व बूंदाबांदी हुई तो कटाई कार्य प्रभावित होगा और तेज बारिश हुई तो नुकसान की आंशका से इन्कार नहीं किया जा सकता।