संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी के गठन को सुप्रीम कोर्ट की ओर से स्वीकृति दिए जाने से प्रदेश के सिख समाज में खुशी की लहर बनी हुई है। इस उपलक्ष्य में हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी के पूर्व युवा प्रदेशाध्यक्ष एवं शिरोमणि अकाली दल हरियाणा स्टेट के वरिष्ठ नेता कंवलजीत सिंह अजराना के नेतृत्व में सिख संगत ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिब पातशाही छठी में एकत्रित हुई और लड्डू बांट कर प्रसन्नता का इजहार किया।
अजराना ने संगत को विश्वास दिलाया कि अब प्रदेश के सभी गुरुद्वारा साहिबान का प्रबंध सुचारु रूप से चलाया जाएगा। इतना ही नहीं, अच्छी शिक्षा देने के साथ-साथ विकास की ओर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होेंने दावा किया कि प्रदेश के गुरुद्वारा साहिबान की प्रबंध व्यवस्था अब पूरे देश के लिए एक मिसाल होगी।
उन्होंने बताया कि गुरुद्वारा साहिबान के साथ-साथ शिक्षण संस्थानों और अस्पतालों में कार्यरत कर्मचारियों के उत्थान के लिए भी विशेष प्रयास किए जाएंगे। पिछले लंबे समय से उपेक्षा की शिकार प्रदेश की सिख संगत के लिए अच्छे दिनों की अब शुरुआत हो चुकी है, इसलिए तमाम सिख संगत शिरोमणि अकाली दल हरियाणा स्टेट के झंडे के नीचे एकजुट होकर अपनी नई जिम्मेदारी निभाने के लिए आगे आएं।
इस दौरान तजिंदर सिंह मक्कड़, इंद्र सिंह करनाल, प्रितपाल सिंह, तरनजीत सिंह, जसपाल सिंह, परमजीत सिंह, नरेंद्र सिंह, लखविंदर सिंह हाबड़ी, हरबंस सिंह सरपंच, गुरप्रीत सिंह, सतनाम सिंह तख्खर, शेर सिंह पानीपत, अमरजीत सिंह झिंडा, परमजीत सिंह चंदी, सेवा सिंह लोटनी, गुरविंदर सिंह, जगदेव सिंह गाबा, सुखवंत सिंह, करतार सिंह दामली, इंद्रजीत सिंह सग्गू आदि मौजूद रहे।
वर्ष 2000 में अलग कमेटी की आवाज की थी बुलंद
अजराना ने बताया कि वर्ष 2000 में कुरुक्षेत्र से उन्होंने हरियाणा में अलग कमेटी की मांग को लेकर आवाज बुलंद की थी। वर्ष 2004 के चुनाव में हरियाणा की सिख संगत ने 11 में से सात सीटों पर उनके उम्मीदवारों को विजयी भी बनाया था। दुर्भाग्यवश यह मामला लटकता रहा। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत करते हुए हरियाणा की भाजपा सरकार के साथ-साथ इस कमेटी का गठन करने वाली तत्कालीन हुड्डा सरकार, पंजाब सरकार और प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।
अब युवाओं को उतारा जाएगा चुनाव मैदान में
शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के असंध से मेंबर और शिरोमणि अकाली दल हरियाणा स्टेट के वरिष्ठ नेता जत्थेदार भूपिंदर सिंह असंध ने कहा कि अब युवाओं को चुनाव मैदान में उतारा जाएगा। उन्होंने सभी बुजुर्गों से आह्वान किया कि वे चुनाव न लड़ें और युवाओं को आगे आने का मौका दें। उन्होंने शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी पर हरियाणा के गुरुद्वारा साहिबान की उचित देखभाल न करने के आरोप भी लगाए।