संवाद न्यूज एजेंसी
पिहोवा। आगामी मानसून सीजन को देखते हुए कस्बे में जलभराव और सीवर जाम की समस्या से निपटने के लिए व्यापक स्तर पर सीवर सफाई अभियान शुरू कर दिया गया है। नगर पालिका और पब्लिक हेल्थ विभाग संयुक्त रूप से शहर के विभिन्न वार्डों और मुख्य मार्गों पर सफाई कार्य करवा रहे हैं, ताकि बारिश के दौरान निकासी व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
शहर में मानसून के दौरान कई क्षेत्रों में जलभराव की समस्या बनी रहती है। कई बार समस्या इतनी बढ़ जाती है कि पानी कई दिनों तक वहीं जमा रहता है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। पानी में बदबू उठती है और मच्छर पनपने लगते हैं, जिससे बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है। इसी को ध्यान में रखते हुए नगर पालिका ने इस बार मानसून सीजन से पहले तैयारी करनी शुरू कर दी है, ताकि लोगों को जलभराव की समस्या से परेशानी न हो।
नगर पालिका पिहोवा के प्रधान आशीष चक्रपाणि और सुरेंद्र ढींगरा ने बताया कि मशीनों और कर्मचारियों की मदद से बंद पड़े सीवरों की सफाई की जा रही है।गंदगी हटाकर पानी की निकासी व्यवस्था को दुरुस्त किया जा रहा है। नगर पालिका की टीमें लगातार अलग-अलग इलाकों का दौरा कर सफाई कार्य की निगरानी कर रही हैं।
पब्लिक हेल्थ डिपार्टमेंट की ओर से भूपेंद्र सिंह ने कहा कि बारिश के दौरान शहरवासियों को जलभराव, गंदगी और सीवर ओवरफ्लो जैसी समस्याओं से राहत दिलाना प्रशासन की प्राथमिकता है। शहर की सभी मुख्य सीवर लाइनों की समय रहते सफाई सुनिश्चित की जा रही है, ताकि बारिश के दिनों में लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े। जहां भी सीवर जाम की शिकायत मिल रही है, वहां तुरंत कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि वे सीवरों में कूड़ा-कचरा न डालें, ताकि सफाई व्यवस्था प्रभावी बनी रहे और जल निकासी में बाधा उत्पन्न न हो।