शाहबाद। प्रदेश भर के सिखों को प्राथमिकता के आधार पर गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के लिए अपने वोट बनवाने चाहिए। यह आह्वान शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी श्री अमृतसर के थानेसर से सदस्य जत्थेदार हरभजन सिंह मसाना ने किया। वे एसजीपीसी द्वारा संचालित मीरी पीरी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड रिसर्च सेंटर शाहाबाद में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने बताया कि हरियाणा में गुरुद्वारा चुनाव आयोग ने 30 सितंबर तक नए सिख वोट बनवाने का समय निर्धारित किया है, उसमें एसजीपीसी पदाधिकारी हर सम्भव सहयोग करेंगे। उन्होंने बताया कि कुरुक्षेत्र के एसजीपीसी मिशन कार्यालय के अलावा हरियाणा के सभी गुरुद्वारा साहिबान में एसजीपीसी द्वारा एक-एक स्टाफ सदस्य की ड्यूटी लगाई जाएगी, जो नए सिख वोट बनवाने में संगत और अधिकारियों को मदद करेंगे। उन्होंने हरियाणा में केशधारी सिखों को परिवार सहित अपनी वोट बनवाने हेतु आह्वान किया। उन्होंने बताया कि 30 सितंबर तक कोई भी नया सिख मतदाता स्वयं को एचएसजीसीपी के मतदाता के रूप में पंजीकृत करवा सकता है।
मसाना ने बताया कि पंजीकरण के लिए आवेदन पत्र ग्रामीण क्षेत्र में पटवारी और शहरी क्षेत्र में नगरपालिका समिति, परिषद, निगम के सचिव के पास नि:शुल्क उपलब्ध है। उन्होंने जस्टिस एच एस भल्ला से अनुरोध किया कि हरियाणा के सभी गुरुद्वारा साहिबान, सिख काॅलेजों/ स्कूलों और आंगनबाड़ियों में भी नई वोट बनवाने के लिए केंद्र बनाए जाएं। एसजीपीसी सदस्य ने बताया कि हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी के वार्डों का परिसीमन राज्य सरकार द्वारा किया जा चुका है और 28 जुलाई को आधिकारिक राजपत्र में प्रकाशित सूचना के मुताबिक पूरे प्रदेश को 40 वार्डों में विभाजित किया गया है। पत्रकार वार्ता में मीरी पीरी संस्थान के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. संदीप इंदर सिंह चीमा, शिरोमणि अकाली दल कुरुक्षेत्र जिला अध्यक्ष जरनैल सिंह बोडी, परमजीत सिंह दुनियामाजरा मौजूद रहे।
सरकार ने चहेतों को बनाया पदाधिकारी
मसाना ने बताया कि हरियाणा सरकार ने भाजपा के अपने चहेतों को प्रधान, सचिव और अन्य पद देकर यह जान लिया है कि सिख संस्थान चलाना कोई आसान कार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि सिख संस्थान को कोई भी राज्य सरकार नहीं चला सकती। इसका प्रत्यक्ष प्रमाण एचएसजीएमसी में चल रहा रोजाना विवाद है, इसलिए अब हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी चुनाव में शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी और शिरोमणि अकाली दल अपनी अहम भूमिका निभाएंगे।
उम्मीदवारों हेतु 30 चुनाव चिह्न निर्धारित : भल्ला
उधर गुरुद्वारा चुनाव आयुक्त जस्टिस एचएस भल्ला ने एक अधिसूचना जारी कर हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी चुनाव में उम्मीदवारों के लिए 30 चुनाव चिह्न जारी किए गए हैं। एचएसजीएमसी के चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों को इन 30 चुनाव चिह्नों में से कोई तीन चुनाव चिह्न भरने होंगे, जिनमें से संबंधित उम्मीदवार को राज्य गुरुद्वारा चुनाव आयोग की ओर से एक चुनाव चिह्न आवंटित किया जाएगा। यदि कोई चुनाव चिह्न एक से अधिक उम्मीदवारों ने भरा होगा, तो उसका निर्णय ड्राॅ के माध्यम से होगा। चुनाव चिह्नों में ताला-चाबी, रिक्शा, सीढ़ी, कुल्हाड़ी, साइकिल, गैस सिलेंडर, नलका, जीप, छतरी, उगता सूरज और टेबल पंखा शामिल हैं।